उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिहार के सिवान विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते हुए माफियाराज के खिलाफ कड़ा संदेश दिया। उन्होंने बिहार को फिर से स्वर्ण युग की ओर ले जाने का ऐतिहासिक वादा किया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिहार के सिवान विधानसभा क्षेत्र में विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में किसी भी कीमत पर खानदानी माफियाओं और माफियाराज की वापसी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार चंद्रगुप्त और चाणक्य के समय जैसा वैभव लौटाएगी और बिहार को फिर से स्वर्ण युग की ओर ले जाएगी।
योगी ने चेतावनी दी कि नालंदा विश्वविद्यालय को ध्वस्त करने वालों के वंशज राजनीतिक इस्लाम की मंशा से विकास को बाधित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने बिहार के माफियाओं को मारीच और सुबाहू बताते हुए कहा कि इन्हें फिर से पनपने नहीं दिया जाएगा। यूपी में माफियाओं का कचूमर निकालकर उनके लिए जहन्नुम का रास्ता खोला गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह लड़ाई केवल सत्ता की नहीं, बल्कि बिहार की अस्मिता, संस्कृति और गौरव की रक्षा की लड़ाई है। उन्होंने बिहार के सपूत चंद्रगुप्त मौर्य और चाणक्य की बुद्धि और मेधा का उदाहरण देते हुए कहा कि बिहार का गौरव लौटाना हमारी प्राथमिकता है।
योगी ने कांग्रेस और आरजेडी पर भी निशाना साधा और कहा कि इनकी नीतियों ने विकास बाधित किया और अपराध, अपहरण, परिवारवाद व युवाओं के सामने पहचान संकट पैदा किया। उन्होंने एनडीए के प्रत्याशियों मंगल पांडेय (सिवान), कर्णजीत सिंह (दरौंदा) और इंद्रदेव सिंह पटेल (बड़हरिया) के समर्थन में जनता से वोट मांगा।
इस अवसर पर बीजेपी, जेडीयू, लोजपा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के कई गणमान्य नेता भी मौजूद थे। योगी आदित्यनाथ ने विकास और जनकल्याण योजनाओं का विस्तार करते हुए कहा कि बिहार मजबूत होगा, तभी भारत मजबूत होगा।
COMMENTS