गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “मिशन शक्ति” अभियान के फेज 5 के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
गौतमबुद्धनगर में महिला सुरक्षा हेतु "मिशन शक्ति" फेज 5 के तहत जागरूकता अभियान चलाया गया

गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “मिशन शक्ति” अभियान के फेज 5 के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 18 अक्टूबर 2024 को पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर के निर्देशन और डीसीपी महिला सुरक्षा श्रीमती सुनीति के पर्यवेक्षण में एसीपी महिला सुरक्षा श्रीमती सौम्या सिंह के नेतृत्व में इस अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिला सुरक्षा टीमों ने सक्रियता दिखाई। अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बच्चियों को सुरक्षा, अपराधों के प्रति जागरूकता और स्वावलम्बन के लिए प्रेरित करना है। इसके लिए महिला सुरक्षा टीमों ने स्कूलों, कॉलेजों, सोसायटियों, लेबर कॉलोनियों और बाजारों में जाकर महिलाओं को एकत्रित किया और उनसे संवाद किया। इस दौरान उन्हें महिला सशक्तिकरण, लैंगिक अपराधों और साइबर क्राइम के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही, सरकार द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0, शुभ मंगल योजना और अन्य महिला सुरक्षा कार्यक्रमों के बारे में बताया गया।
पुलिस टीमों ने कार्यक्रमों के दौरान "पॉक्सो एक्ट" और लैंगिक अपराधों से बचाव के बारे में विस्तृत जानकारी दी। महिलाओं को घरेलू हिंसा और कार्यस्थल पर हो रहे अपराधों के प्रति सजग रहने और चुप्पी न साधने की सलाह दी गई। किसी भी समस्या के तुरंत समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी साझा की गई, जिसमें महिला हेल्पलाइन नंबर-1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर-1076, साइबर हेल्पलाइन नंबर-1930, आपातकालीन सेवा-112, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर-1098 और वन स्टॉप सेंटर नंबर-181 शामिल हैं। महिला सुरक्षा टीम ने इन नंबरों के पर्चे भी वितरित किए और महिलाओं को आश्वस्त किया कि किसी भी प्रकार के अपराध के बारे में रिपोर्ट करने पर तुरंत मदद उपलब्ध कराई जाएगी। इस दौरान आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा, स्वास्थ्य और कौशल विकास से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी जागरूकता फैलाई गई। मिशन शक्ति अभियान 5.0 के अंतर्गत गौतमबुद्धनगर के तीनों जोन में महिला पुलिस टीमें सक्रिय रूप से काम कर रही हैं और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए विभिन्न पुलिस कम्युनिटी कार्यक्रम आयोजित कर रही हैं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।
COMMENTS