दिल्ली में भाजपा ने अरविंद केजरीवाल सरकार पर यमुना नदी की सफाई के वादे को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। 10 साल बाद भी नदी की स्थिति पर सवाल उठाते हुए भाजपा ने चुनावी माहौल में सियासी हमला तेज किया।
विज्ञापन
दिल्ली में चुनावी रणभेरी बज चुकी है और इसके बीच राजनीति गरमा गई है। भाजपा ने एक बार फिर आम आदमी पार्टी (AAP) और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तीखे वार किए हैं। सोमवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता और सांसद अनुराग ठाकुर ने दिल्ली भाजपा प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा सहित अन्य नेताओं के साथ मिलकर अरविंद केजरीवाल सरकार के खिलाफ आरोप पत्र जारी किया।
भाजपा के आरोप पत्र में यमुना नदी की स्थिति को सबसे बड़ा मुद्दा बनाया गया। अनुराग ठाकुर ने इस पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा, "यमुना को साफ करने के वादे के साथ आई AAP सरकार ने 10 सालों में क्या किया? आज यमुना बदबूदार, झागदार और जहरीली हो चुकी है।"
ठाकुर ने 2022 की एक घटना का जिक्र करते हुए याद दिलाया कि केजरीवाल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि अगले चुनाव, यानी 2025 से पहले, वह जनता के साथ यमुना में डुबकी लगाएंगे। अब जब चुनाव केवल 10 दिन दूर हैं, उन्होंने सवाल उठाया, "क्या वाकई यमुना की सफाई हुई? क्या केजरीवाल अपना वादा पूरा करेंगे?"
दिल्ली के प्रदूषण से लेकर यमुना की दुर्दशा तक, भाजपा ने केजरीवाल सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। क्या 10 साल के कार्यकाल में दिल्ली की तस्वीर बदली या वादों की ही बाढ़ आई? इस सवाल के जवाब का इंतजार अब दिल्ली की जनता को है, और इसके जवाब का फैसला चुनावी नतीजे करेंगे। आरोपों के बीच आम आदमी पार्टी की प्रतिक्रिया का भी बेसब्री से इंतजार है। चुनावी दंगल में ये आरोप किस हद तक सियासी समीकरण बदलते हैं, यह देखना दिलचस्प होगा।
COMMENTS