गौतमबुद्धनगर पुलिस ने मिशन सहयोग के तहत सर्विलांस और CEIR पोर्टल की मदद से 157 गुमशुदा स्मार्टफोन बरामद किए। करीब 50 लाख रुपये कीमत के मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में सेंट्रल नोएडा की टीमों ने यह कार्रवाई की।
भीड़भाड़ वाले बाजार में खरीदारी करते समय मोबाइल फोन कहीं गिर गया, दोपहिया वाहन चलाते हुए जेब से निकल गया या फिर ऑटो, बस, मेट्रो और ई-रिक्शा के सफर में छूट गया… फोन गुम होने के बाद लोगों के लिए उसे दोबारा हासिल करना किसी चुनौती से कम नहीं होता।
कई बार जरूरी दस्तावेज, निजी तस्वीरें, संपर्क नंबर और काम से जुड़ी जानकारी भी उसी मोबाइल में मौजूद होती है। ऐसे में फोन खोने का दर्द सिर्फ उसकी कीमत तक सीमित नहीं रहता। लेकिन गौतमबुद्धनगर में पुलिस की एक विशेष पहल ने ऐसे ही 157 लोगों को बड़ी राहत दी है।

पुलिस ने सर्विलांस और सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की मदद से करीब 50 लाख रुपये कीमत के 157 स्मार्टफोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए।
यह कार्रवाई शुक्रवार, 6 नवंबर 2026 को गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट के ‘मिशन सहयोग’ के अंतर्गत की गई। मोबाइल फोन वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी और उन्होंने पुलिस का आभार जताते हुए कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की टीम की सराहना की।
पुलिस कमिश्नर के निर्देशन में चला विशेष अभियान
पुलिस की इस कार्रवाई का संचालन पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में किया गया। डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन सिंह के पर्यवेक्षण और एडीसीपी सेंट्रल नोएडा श्री स्वतंत्र कुमार सिंह के नेतृत्व में सर्विलांस सेल सेंट्रल नोएडा, थाना सूरजपुर और सेंट्रल नोएडा जोन के अन्य थानों की टीमों ने मिलकर काम किया।

COMMENTS