छठ पर्व के बाद बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की रैलियों में नेताओं ने जनता को संबोधित करना शुरू कर दिया। अमित शाह, राजनाथ सिंह, योगी आदित्यनाथ, राहुल गांधी और तेजस्वी यादव समेत कई बड़े नेता जनता को अपने पक्ष में करने में जुटे।
छठ महापर्व संपन्न होते ही बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की चुनावी रैलियों की रेस शुरू हो चुकी है। आज से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव समेत कई बड़े नेता जनता को संबोधित कर रहे हैं। एनडीए की ओर से अमित शाह, सीएम नीतीश कुमार, राजनाथ सिंह, योगी आदित्यनाथ, दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता और मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव मोर्चा संभाल रहे हैं। महागठबंधन की तरफ से राहुल गांधी और तेजस्वी यादव मंच साझा कर रहे हैं।
30 अक्टूबर से प्रियंका गांधी भी चुनावी प्रचार में शामिल होंगी। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 अक्टूबर को मुजफ्फरपुर और 2 नवंबर को पटना में रोड शो करेंगे।

दरभंगा में रैली के दौरान राजनाथ सिंह ने राजद और उसके नेताओं पर आरोप लगाते हुए कहा कि बिहार की छवि देश-विदेश में खराब की गई। उन्होंने कहा, बिहार को विकास की ओर ले जाना जरूरी है। वहीं राहुल गांधी ने मोदी और भाजपा पर हमला करते हुए दावा किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का चेहरा इस्तेमाल हो रहा है, लेकिन सत्ता भाजपा के हाथ में है। अमित शाह ने महागठबंधन को ‘ठगबंधन’ करार दिया और जनता से अपील की कि दरभंगा की सभी 10 सीटें एनडीए को दिलाई जाएं।
रैलियों का शेड्यूल: तेजस्वी यादव छपरा की 6 विधानसभा सीटों पर रैलियां करेंगे, राहुल गांधी-तेजस्वी यादव मुजफ्फरपुर और दरभंगा में मंच साझा करेंगे। राजनाथ सिंह दरभंगा, बाढ़ और छपरा में रैली करेंगे। योगी आदित्यनाथ सिवान और बक्सर में सभाएं करेंगे। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता मुजफ्फरपुर और पटना साहिब में चुनावी रैलियां करेंगी। मोहन यादव बांका, भागलपुर और मधेपुरा में रैली करेंगे। नीतीश कुमार नालंदा की 4 विधानसभा सीटों और हरनौत में रोड शो करेंगे।
COMMENTS