आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी ने उनके परिवार को बदनाम किया है। उन्होंने अमित मालवीय और मनोज तिवारी पर मानहानि का मुकदमा दायर करने की धमकी दी। संजय सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी को चुनौती दी कि अगर वे डिजिटल इंडिया में विश्वास रखते हैं, तो चुनाव आयोग की वेबसाइट पर जाकर उनकी पत्नी का नाम देखें, जो हाल ही में लोकसभा चुनाव में वोट डाल चुकी हैं।
दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सोमवार को भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि भाजपा ने न सिर्फ दिल्ली में पूर्वांचलियों के स्वाभिमान और सम्मान के खिलाफ साजिश रची है, बल्कि उनकी और उनके परिवार की इज्जत को भी दांव पर लगा दिया है। संजय सिंह ने साफ शब्दों में कहा, "मैं भाजपा के नेताओं पर मानहानि का मुकदमा दायर करूंगा—मनोज तिवारी और अमित मालवीय दोनों के खिलाफ!"
उन्होंने इस मामले में अपने परिवार को बदनाम करने का आरोप लगाते हुए कहा, "भा.ज.पा. ने मेरे परिवार को झूठे आरोपों से घेरने की कोशिश की। यह केवल राजनीति का हिस्सा नहीं, बल्कि एक साजिश का परिणाम है।"
संजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी दावा करते हैं कि भारत डिजिटल इंडिया बन चुका है। अगर यह सच है तो प्रधानमंत्री और भाजपा के लोग चुनाव आयोग की वेबसाइट पर जाएं और देखें कि मेरी पत्नी अनीता सिंह ने पिछले छह महीने पहले लोकसभा चुनाव में मतदान किया था। यदि वे वास्तव में डिजिटल इंडिया में विश्वास रखते हैं तो वे यह खुद जांच सकते हैं, लेकिन वे झूठ बोल रहे हैं और हमें बदनाम करने के लिए इसे राजनीतिक साजिश का हिस्सा बना रहे हैं।"
यह बयान भाजपा और आप के बीच मतदाता सूची के विवाद को और हवा दे रहा है। संजय सिंह ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी इस प्रकार की साजिशों को कभी सफल नहीं होने देगी और वे भाजपा के झूठ का पर्दाफाश करेंगे।
क्या भाजपा के नेताओं की राजनीति अब संजय सिंह के परिवार के खिलाफ जाने लगी है? या यह महज एक राजनीतिक खेल है जिसे आम आदमी पार्टी ने समझ लिया है? वक्त बताएगा!
COMMENTS