दिल्ली पुलिस की साइबर टीम ने क्रिप्टोकरेंसी ट्रेडर्स को फिशिंग लिंक के जरिए ठगने वाले संगठित गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने Binance P2P ट्रांजैक्शन के बहाने एक ट्रेडर के वॉलेट से 4,985 USDT (करीब 5 लाख रुपये) ट्रांसफर कर लिए थे। पुलिस ने पूरी रकम शिकायतकर्ता को वापस करा दी है। कार्रवाई में 1.62 लाख रुपये नकद, 11 मोबाइल फोन, एक आईपैड, वाई-फाई राउटर और छह सिम कार्ड बरामद हुए हैं।
क्रिप्टोकरेंसी में निवेश और ट्रेडिंग करने वालों को निशाना बनाने वाले साइबर ठगों ने अब ठगी का ऐसा तरीका अपनाया था, जिसमें सामने वाला व्यक्ति खुद को एक सामान्य खरीदार समझता रहा और कुछ ही देर में उसका पूरा क्रिप्टो वॉलेट खाली हो गया। Binance P2P पर USDT बेचने के लिए सक्रिय एक ट्रेडर को इसी तरह फिशिंग लिंक के जाल में फंसाकर करीब 5 लाख रुपये की क्रिप्टोकरेंसी उड़ा ली गई।
हालांकि, साउथ-वेस्ट जिले की साइबर पुलिस ने तकनीकी जांच के बाद इस संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की कार्रवाई की सबसे बड़ी सफलता यह रही कि शिकायतकर्ता की ठगी गई पूरी रकम 4,985 USDT वापस करा दी गई।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी राजस्थान के अलवर और आसपास के इलाकों से जुड़े थे और कमीशन के आधार पर युवकों को अपने नेटवर्क में शामिल कर क्रिप्टो ट्रेडर्स को निशाना बनाते थे।
Binance P2P पर खरीदार बनकर किया संपर्क, फिर खाली कर दिया वॉलेट
मामले की शुरुआत 6 जून 2026 को हुई, जब शिकायतकर्ता Binance P2P पर USDT बेचने के लिए सक्रिय था। इसी दौरान एक व्यक्ति ने संभावित खरीदार बनकर उससे संपर्क किया। बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए आरोपी ने उसे सोशल मीडिया ऐप पर बातचीत करने के लिए कहा।

USDT खरीदने का भरोसा दिलाकर आरोपी ने शिकायतकर्ता को फिशिंग लिंक के जरिए अपने क्रिप्टोकरेंसी वॉलेट तक पहुंच बनाने के लिए धोखे में रखा। इसके बाद अनधिकृत ट्रांजैक्शन के माध्यम से उसके वॉलेट से पूरी 4,985 USDT की रकम ट्रांसफर कर ली गई। इसकी अनुमानित भारतीय कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है।
इस संबंध में 2 जुलाई 2026 को थाना साइबर, साउथ-वेस्ट जिला में ई-एफआईआर संख्या 337/26 धारा 318(4), 319(2) और 61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
तकनीकी जांच से अलवर में मिला गिरोह का सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना साइबर की एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में एसआई अमित मलिक, हेड कांस्टेबल राकेश, हेड कांस्टेबल मनोज, हेड कांस्टेबल सुख लाल, हेड कांस्टेबल सचिन, महिला हेड कांस्टेबल रेखा, हेड कांस्टेबल मनीष और कांस्टेबल रवि शामिल थे।
टीम ने इंस्पेक्टर प्रवेश कौशिक, एसएचओ थाना साइबर, साउथ-वेस्ट जिला के पर्यवेक्षण तथा संदीप घई, एसीपी ऑपरेशंस, साउथ-वेस्ट जिला के मार्गदर्शन में जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण और ऐप नंबरों की पड़ताल के बाद पुलिस को राजस्थान के अलवर से संचालित एक संगठित गिरोह का पता चला। जांच में अतुल मीणा का नाम सामने आया, जिसे इस नेटवर्क का समन्वयक बताया गया।
अलवर में छापेमारी, फिर जयपुर से तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस टीम ने अलवर में अतुल मीणा के ठिकाने पर छापेमारी की। यहां से 1,62,000 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन, एक आईपैड, एक जियो वाई-फाई राउटर और पांच सिम कार्ड बरामद किए गए।
इसके बाद तकनीकी सुरागों के आधार पर पुलिस टीम जयपुर पहुंची, जहां गिरोह से जुड़े तीन अन्य आरोपियों जगमोहन मीणा, नरेंद्र कुमार मीणा और मनीष मीणा को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से आठ मोबाइल फोन बरामद हुए।
पूछताछ में तीनों ने बताया कि वे अतुल मीणा के साथ मुनाफे में हिस्सेदारी के आधार पर काम करते थे। उन्होंने यह भी बताया कि शिकायतकर्ता से संपर्क करने और उसे ठगी का शिकार बनाने के लिए इस्तेमाल किया गया सोशल मीडिया ऐप नंबर अतुल मीणा संचालित करता था।
लगातार छापेमारी और पुलिस के प्रयासों के बाद गिरफ्तारी से बच रहा अतुल मीणा भी दिल्ली में धौला कुआं के पास से पकड़ लिया गया।

ऐसे चलता था पूरा साइबर ठगी का नेटवर्क
पुलिस की जांच में गिरोह का तरीका भी सामने आया है। आरोपी राजस्थान के अलवर और आसपास के गांवों से युवकों को मुनाफे में हिस्सेदारी का लालच देकर अपने नेटवर्क में शामिल करते थे। ये युवक किराये पर Binance अकाउंट उपलब्ध कराते थे, सिम कार्ड हासिल करते थे और सोशल मीडिया पर अकाउंट बनाते थे।
इसके बाद सोशल मीडिया ऐप पर ऐसे विज्ञापन डाले जाते थे, जिनके जरिए Binance P2P पर USDT बेचने के इच्छुक लोगों को आकर्षित किया जाता था। जैसे ही कोई वास्तविक ट्रेडर संपर्क करता, गिरोह का सदस्य उसका सोशल मीडिया ऐप नंबर अतुल मीणा को भेज देता था।
अतुल खुद को वास्तविक P2P खरीदार बताकर ट्रेडर से बातचीत करता और फिशिंग लिंक के जरिए उसके क्रिप्टो वॉलेट तक पहुंच हासिल करने का प्रयास करता था। इसके बाद वॉलेट में मौजूद USDT को दूसरे वॉलेट में ट्रांसफर कर लिया जाता था।
चारों आरोपियों की पहचान और भूमिका
अतुल मीणा (21 वर्ष), निवासी अलवर, राजस्थान: शिकायतकर्ता से संपर्क करने के लिए इस्तेमाल सोशल मीडिया ऐप नंबर संचालित करता था और चोरी की गई USDT ट्रांसफर करने वाले वॉलेट के संचालन में शामिल था।
जगमोहन मीणा (19 वर्ष), निवासी दौसा, राजस्थान: सोशल मीडिया ऐप पर विज्ञापन देकर किराये पर Binance अकाउंट उपलब्ध कराता था। USDT बेचने वालों से P2P बातचीत कर उनके नंबर अतुल को भेजता था।
नरेंद्र कुमार मीणा (22 वर्ष), निवासी अलवर, राजस्थान: किराये पर Binance अकाउंट की व्यवस्था करता था और संभावित USDT विक्रेताओं के नंबर आगे ठगी के लिए अतुल तक पहुंचाता था।
मनीष मीणा (24 वर्ष), निवासी अलवर, राजस्थान: सोशल मीडिया विज्ञापनों के माध्यम से Binance अकाउंट की व्यवस्था करने और संभावित विक्रेताओं को निशाना बनाने में भूमिका निभाता था।
1.62 लाख नकद समेत भारी बरामदगी, पीड़ित को पूरी रकम वापस
पुलिस ने इस कार्रवाई में कुल 1,62,000 रुपये नकद, 11 मोबाइल फोन, एक आईपैड, एक वाई-फाई राउटर और छह सिम कार्ड बरामद किए हैं। इसके अलावा शिकायतकर्ता से ठगी गई पूरी 4,985 USDT यानी करीब 5 लाख रुपये की रकम वापस करा दी गई है।
फिलहाल पुलिस ट्रांजैक्शन रिकॉर्ड की गहन जांच कर रही है। साथ ही जिन एक्सचेंज वॉलेट और अकाउंट की पहचान हुई है, उन्हें सुरक्षित रखने की प्रक्रिया भी जारी है। मामले में आगे की जांच जारी है।
COMMENTS