मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम के दौरान विपक्ष पर तीखे राजनीतिक हमले किए। सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की खींचतान, अयोध्या, PDA, रोजगार, कानून-व्यवस्था, निवेश और यूपी के विकास मॉडल पर उन्होंने खुलकर अपनी बात रखी।
उत्तर प्रदेश की राजनीति में आगामी चुनावों की आहट के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर ऐसा हमला बोला कि उनके कई बयान चर्चा का विषय बन गए। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि पहले दो लड़कों की जोड़ी चुनाव परिणाम आने के बाद विफल होती थी, लेकिन इस बार चुनाव से पहले ही विफल हो चुकी है। राहुल गांधी को उन्होंने 'नाकाम रॉकेट' बताया, जबकि अखिलेश यादव के PDA को 'परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी' करार दिया।
मुख्यमंत्री बुधवार को लखनऊ में एक निजी न्यूज चैनल के शिखर सम्मेलन में संवाद कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विपक्षी राजनीति, आगामी चुनाव, अयोध्या, कानून-व्यवस्था, रोजगार, निवेश, औद्योगिक विकास और अपनी राजनीतिक विचारधारा पर खुलकर जवाब दिए।
सपा-कांग्रेस में सीटों पर बैठक और प्रत्याशियों का ऐलान, योगी ने पूछा- इससे बड़ा अपमान क्या होगा?
सपा-कांग्रेस गठबंधन पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक तरफ दोनों दल सीटों के बंटवारे को लेकर बैठकें कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ प्रत्याशियों की घोषणा भी हो रही है। उन्होंने इसे गठबंधन के आपसी सम्मान और शिष्टाचार पर सवाल खड़ा करने वाला बताया। उनके मुताबिक दोनों दल एक-दूसरे को शह और मात देने की राजनीति कर रहे हैं।
वहीं NDA में किसी तरह के विवाद से इनकार करते हुए उन्होंने कहा कि निषाद पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी समेत सभी सहयोगी दल साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। गठबंधन पूरी तरह एकजुट है।
अयोध्या जाने से पहले रामभक्तों से माफी मांगें अखिलेश
अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि रामलला के दर्शन करना अच्छी बात है, लेकिन समाजवादी पार्टी को रामभक्तों से माफी भी मांगनी चाहिए। उन्होंने 90 के दशक की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि यदि उस समय सद्बुद्धि आ गई होती तो रामभक्तों पर गोली चलाने की नौबत नहीं आती। उन्होंने कहा कि माफी मांगने से कोई छोटा नहीं होता।
भाजपा के वोट बैंक पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हर राष्ट्रवादी नागरिक उनका वोट बैंक है, जो संविधान और देश की विरासत में विश्वास करता है। भाजपा की राजनीति तुष्टिकरण की नहीं, बल्कि सबका संतुष्टिकरण और सबके सम्मान की है।
बीमारू यूपी से देश का ग्रोथ इंजन बनने तक का दावा
प्रदेश के विकास का जिक्र करते हुए योगी ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की पहचान गुंडागर्दी, अराजकता और अव्यवस्था से जुड़ी थी। व्यापारी भयभीत थे और निवेशक आने से कतराते थे। मार्च 2017 में जिम्मेदारी मिलने के बाद सरकार ने सबसे पहले कानून-व्यवस्था सुधारने पर ध्यान दिया।
मुख्यमंत्री के अनुसार, अब तक लगभग 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था, प्रति व्यक्ति आय और बजट में लगभग तीन गुना या उससे अधिक वृद्धि हुई है। महिला कार्यबल की भागीदारी भी तीन गुना से अधिक बढ़ी है।
उन्होंने बताया कि यूपी में देश के एक्सप्रेसवे नेटवर्क का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा है। सात शहरों में मेट्रो चल रही है और 17 क्रियाशील एयरपोर्ट हैं, जिनमें पांच अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट शामिल हैं। प्रदेश देश के सबसे बड़े रेल नेटवर्क, ईस्टर्न और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के जंक्शन और पहली रैपिड रेल का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। वाराणसी में देश की पहली रोपवे सेवा भी जल्द शुरू होने की बात उन्होंने कही।
जहां बनते थे कट्टा-बम, वहां अब ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण
औद्योगिक विकास पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस उत्तर प्रदेश में कभी अवैध कट्टा और बम बनाने की गतिविधियां होती थीं, वहां आज ब्रह्मोस मिसाइल, आधुनिक रिवॉल्वर और राइफल का निर्माण हो रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 36 सेक्टोरल पॉलिसीज के जरिए निवेश को प्रोत्साहित किया जा रहा है और लगभग 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। ODOP योजना के माध्यम से MSME सेक्टर को पहचान मिली है और इस क्षेत्र में करीब सवा तीन करोड़ लोगों को रोजगार मिल रहा है।
नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यीडा क्षेत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पहले अंधविश्वास और संकीर्ण सोच के कारण मुख्यमंत्री वहां जाने से बचते थे। वर्ष 2017 में चार लाख होम बायर्स अपने मकानों की प्रतीक्षा कर रहे थे। सरकार ने बिल्डर-बायर्स के बीच संवाद स्थापित कर समस्याओं का समाधान कराया। आज इसी क्षेत्र में जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, सेमीकंडक्टर यूनिट, फिल्म सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क और डेटा सेंटर हब विकसित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि देश में बनने वाले मोबाइल फोन का करीब 55 प्रतिशत और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट का लगभग 60 प्रतिशत उत्पादन यूपी में हो रहा है।
बुलडोजर पर विपक्ष को जवाब, महिला सुरक्षा पर जीरो टॉलरेंस
बुलडोजर कार्रवाई और एनकाउंटर को लेकर उठने वाले सवालों पर योगी ने कहा कि कानून को चुनौती देने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। महिला सुरक्षा और व्यापारियों के सम्मान को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने अपराधियों के लिए कहा कि गलत निगाह रखने वालों के सामने जेल या जहन्नुम के दो ही रास्ते हैं। कानून का पालन करने वालों का सम्मान होगा, लेकिन कानून तोड़ने वालों पर कार्रवाई होगी।
10.50 लाख सरकारी नौकरियों का लक्ष्य, युवाओं को AI और रोबोटिक्स से जोड़ने की तैयारी
रोजगार पर मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक करीब पौने 10 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। 26 जनवरी 2027 तक यह संख्या साढ़े 10 लाख पहुंचाने का लक्ष्य है।
स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 25 दिसंबर 2021 से टैबलेट वितरण शुरू किया गया था। पहले चरण में करीब 60 लाख युवाओं को डिजिटल डिवाइस दिए गए और अब दूसरे चरण में 25 लाख युवाओं को टैबलेट देने की योजना है। सरकार युवाओं को AI, ड्रोन टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, 3D प्रिंटिंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों से जोड़ रही है।
सनातन पर गर्व, निवेश के लिए सुरक्षा और बेहतर नीतियां जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें सनातन धर्म और हिंदू होने पर गर्व है। किसी की सोच के कारण वे अपनी पहचान नहीं बदलेंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश में AI सिटी, डेटा सेंटर क्लस्टर, सेमीकंडक्टर यूनिट और डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर पर काम हो रहा है। मेरठ में गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे एक अमेरिकी कंपनी करीब 3,000 करोड़ रुपये का निवेश करने जा रही है। उनके मुताबिक निवेशकों को सुरक्षा, बेहतर नीतियां, लैंड बैंक और मजबूत लॉजिस्टिक नेटवर्क आकर्षित कर रहे हैं।
विधायकों के टिकट कटने की अटकलों पर उन्होंने कहा कि भाजपा में प्रत्याशी चयन की निर्धारित प्रक्रिया है। चुनाव समिति की संस्तुति के बाद संसदीय बोर्ड फैसला करता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पार्टी का सर्वमान्य नेता और भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रतीक बताते हुए योगी ने खुद को पार्टी का सामान्य सिपाही कहा। उनके मुताबिक भाजपा का चुनावी चेहरा कमल का फूल है।
राहुल गांधी को नाकाम रॉकेट, अखिलेश के PDA को परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी बताया
कार्यक्रम के रैपिड फायर राउंड में योगी ने भारत को 'वर्ल्ड स्पिरिचुअल पावर हाउस', उत्तर प्रदेश को 'अनलिमिटेड पोटेंशियल', भाजपा को 'नेशन फर्स्ट' और बुलडोजर को प्रदेश की 'स्ट्रेंथ' बताया। अखिलेश यादव के PDA पर तंज कसते हुए उसे 'परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी' कहा। राहुल गांधी को ऐसा रॉकेट बताया, जो लॉन्च होने के बावजूद विफल रहता है। युवाओं को आत्मनिर्भर और विकसित यूपी का सारथी बताया। अपनी मां के निधन के बाद हरिद्वार में अंतिम संस्कार कर उसी दिन लखनऊ लौटकर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करने से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा, 'यही संन्यासी धर्म है।'
घुसपैठिए और डिंपल यादव पर टिप्पणी को लेकर भी दिया जवाब
अखिलेश यादव की घुसपैठियों से जुड़ी टिप्पणी पर पलटवार करते हुए योगी ने कहा कि बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान से अवैध रूप से भारत आने वाले घुसपैठिए समाजवादी पार्टी को दिखाई नहीं देते, बल्कि वे उन्हें अपने सगे-संबंधी नजर आते हैं।
उन्होंने कहा कि वे अविभाजित उत्तर प्रदेश के नागरिक हैं और 1992 से गोरखपुर में नाथ संप्रदाय की संन्यासी परंपरा के माध्यम से सेवा कर रहे हैं। अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव के संदर्भ में अपनी टिप्पणी पर उन्होंने उत्तराखंड को देवभूमि बताते हुए कहा कि गंगा, यमुना और सरयू जैसी नदियों का जल वहीं से आता है तथा वहां के जवान देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या उत्तराखंड के पानी और जवानों को भी घुसपैठिया कहेंगे?
अखिलेश यादव से व्यक्तिगत टकराव के सवाल पर योगी ने कहा कि उनकी कोई निजी लड़ाई नहीं है। संन्यासी का दायित्व केवल मठ या गुफा में बैठना नहीं, बल्कि देश और समाज के सामने चुनौती आने पर उसका मुकाबला करने के लिए खड़ा होना भी है।
मुख्यमंत्री के इन बयानों के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर सपा-कांग्रेस गठबंधन, भाजपा की चुनावी रणनीति और विकास के दावों को लेकर बहस तेज होने के आसार हैं। अब देखना होगा कि विपक्ष इन तीखे राजनीतिक हमलों का जवाब किस अंदाज में देता है।
COMMENTS