उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को लखनऊ में आयोजित जनता दर्शन के दौरान एक अलग ही अंदाज में नजर आए। यहां कोई फरियादी अपनी जमीन की समस्या लेकर पहुंचा था, तो कोई आर्थिक मदद और इलाज की गुहार लगाने आया था।
लेकिन इन तमाम शिकायतों के बीच गोंडा से आया एक ऐसा बच्चा भी मुख्यमंत्री के सामने पहुंचा, जिसकी आंखों में क्रिकेटर बनने का सपना था। नाम था प्रिंस साहू। उम्र छोटी है, लेकिन सपने बड़े हैं। परेशानी सिर्फ इतनी कि परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं होने के कारण उसका क्रिकेट खेलने का सपना आगे नहीं बढ़ पा रहा था।
जब प्रिंस ने मुख्यमंत्री को अपनी परेशानी बताई, तो योगी आदित्यनाथ ने सिर्फ उसकी बात सुनी ही नहीं, बल्कि करीब 4 से 5 मिनट तक उसके साथ खड़े होकर उसे समझाया। मुख्यमंत्री की एक बात ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींच लिया। उन्होंने बच्चे से कहा, “बेटा, तुम्हारा नाम प्रिंस है, इसलिए खूब पढ़-लिखकर प्रिंस बनो। क्रिकेट में भी तुम्हारा एडमिशन करवा देंगे।”
मुख्यमंत्री का यह अंदाज एक प्रशासनिक बैठक या सरकारी आदेश से अलग था। यहां वह एक मुख्यमंत्री के साथ-साथ बच्चे को सही राह दिखाने वाले अभिभावक की भूमिका में दिखाई दिए।

क्रिकेटर बनने का सपना, लेकिन आर्थिक तंगी बन रही थी सबसे बड़ी रुकावट
दरअसल, गोंडा जिले के इटियाथोक क्षेत्र के पडरी परासरमपुर गांव के रहने वाले प्रिंस साहू कक्षा 8 में पढ़ते हैं। उन्हें बचपन से ही क्रिकेट खेलने का शौक है और वह इस खेल में अपना नाम बनाना चाहते हैं। लेकिन परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति के चलते उनके सामने कई मुश्किलें खड़ी हो गईं।
प्रिंस के मुताबिक, क्रिकेट की कोचिंग की फीस देना और खेलने के लिए जरूरी किट खरीदना परिवार के लिए आसान नहीं है। ऐसे में उसका सपना धीरे-धीरे आर्थिक मजबूरियों के बीच दबता नजर आ रहा था। इसी उम्मीद के साथ वह सोमवार को लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री के जनता दर्शन कार्यक्रम में पहुंचा, ताकि उसे क्रिकेट की कोचिंग और आर्थिक सहायता मिल सके।
जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोगों की समस्याएं सुनते हुए प्रिंस के पास पहुंचे और उससे आने की वजह पूछी, तो बच्चे ने बेझिझक अपने दिल की बात उनके सामने रख दी।
योगी ने समझाया- खेलो खूब, लेकिन पढ़ाई से समझौता नहीं
प्रिंस की बात सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने उसे केवल क्रिकेट में आगे बढ़ने का आश्वासन नहीं दिया, बल्कि पढ़ाई की अहमियत भी समझाई। उन्होंने कहा कि अभी बच्चा कक्षा 8 में है, इसलिए खेल के साथ-साथ पढ़ाई पर भी पूरा ध्यान देना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने उसे सलाह दी कि वह मौजूदा शैक्षणिक सत्र में मेहनत करे और अच्छे अंकों से परीक्षा पास करे। इसके बाद उसे क्रिकेट कोचिंग में दाखिला दिलाने की व्यवस्था की जाएगी।
योगी आदित्यनाथ ने बच्चे को भरोसा दिलाया कि उसकी क्रिकेट में आगे बढ़ने की इच्छा को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। सरकार की ओर से उसे जरूरी आर्थिक सहायता और कोचिंग उपलब्ध कराने में मदद की जाएगी।
मुख्यमंत्री की इस बातचीत का संदेश साफ था कि प्रतिभा किसी की आर्थिक स्थिति की मोहताज नहीं होनी चाहिए, लेकिन जीवन में आगे बढ़ने के लिए पढ़ाई और अनुशासन भी उतने ही जरूरी हैं। प्रिंस जैसे बच्चों के लिए यह भरोसा उनके सपनों को नई उम्मीद दे सकता है।

जनता दर्शन में हर फरियादी तक खुद पहुंचे मुख्यमंत्री
सोमवार को आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक और पहलू देखने को मिला। वह कुर्सियों पर बैठे फरियादियों के पास खुद पहुंचे और एक-एक करके उनकी शिकायतें सुनीं। लोगों से आवेदन लेकर उनकी समस्याओं को समझा और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान पुलिस, राजस्व, शिक्षा, बिजली और अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें मुख्यमंत्री के सामने रखी गईं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवेदन भेजते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संवेदनशीलता के साथ किया जाए।
मुख्यमंत्री ने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि किसी को भी अपनी समस्या को लेकर परेशान होने की जरूरत नहीं है। सरकार हर शिकायत पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
इलाज के लिए पैसों की कमी नहीं बनेगी बाधा, CM ने दिया भरोसा
जनता दर्शन में कई लोग आर्थिक सहायता और इलाज से संबंधित समस्याएं लेकर भी पहुंचे थे। इस पर मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि धन की कमी के कारण किसी जरूरतमंद का इलाज नहीं रुकने दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जैसे ही इलाज का एस्टीमेट प्राप्त होगा, जरूरतमंदों को सरकार की ओर से आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आर्थिक सहायता से जुड़े मामलों में भी संवेदनशीलता बरती जाए और जरूरतमंदों को समय पर राहत मिले।
प्रिंस की कहानी ने दिया बड़ा संदेश
गोंडा के छोटे से गांव से लखनऊ पहुंचे प्रिंस साहू की मुलाकात भले ही कुछ मिनटों की रही, लेकिन मुख्यमंत्री के आश्वासन ने उसके क्रिकेटर बनने के सपने को नई उम्मीद जरूर दी है।
इस पूरे घटनाक्रम में मुख्यमंत्री का संदेश सिर्फ एक बच्चे तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बच्चों को अपने सपनों के लिए मेहनत करनी चाहिए, लेकिन शिक्षा को कभी पीछे नहीं छोड़ना चाहिए।
अब देखना होगा कि प्रिंस को क्रिकेट कोचिंग और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया कितनी जल्दी पूरी होती है। फिलहाल उसके सामने मुख्यमंत्री की कही एक बात जरूर है—पहले पढ़ाई में अच्छा प्रदर्शन करो, फिर क्रिकेट के मैदान में भी अपनी प्रतिभा दिखाओ।
COMMENTS