गोंडा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत देवीपाटन मंडल के 46,800 विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए। इस दौरान सीएम ने सपा-बसपा पर निशाना साधते हुए कहा कि मुंगेरीलाल के सपने दिखाने से विकास नहीं होता। युवाओं को रील के बजाय स्किल पर ध्यान देने और डिजिटल तकनीक का सही इस्तेमाल करने की सलाह दी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोंडा में युवाओं को टैबलेट वितरण के मंच से विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मुंगेरीलाल के सपने दिखाने से विकास नहीं होता, इसके लिए स्पष्ट विजन, समय और समर्पण की जरूरत होती है।
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी की पिछली सरकारों को निशाने पर लेते हुए कहा कि घोषणाएं करने से पहले विपक्ष को अपने कार्यकाल का हिसाब देना चाहिए। उन्हें बताना चाहिए कि सत्ता में रहते हुए उन्होंने युवाओं, किसानों, महिलाओं और प्रदेश के विकास के लिए आखिर क्या किया?
स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने देवीपाटन मंडल के गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती के कुल 46,800 छात्र-छात्राओं एवं प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए। इस दौरान उन्होंने युवाओं को डिजिटल तकनीक का सकारात्मक इस्तेमाल करने और रोजगार के साथ स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।
'टैबलेट केवल डिवाइस नहीं, चलता-फिरता विश्वविद्यालय है'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की ओर से दिया जा रहा टैबलेट केवल एक डिजिटल उपकरण नहीं, बल्कि युवाओं के लिए चलता-फिरता विश्वविद्यालय है। इसके माध्यम से शिक्षा, रोजगार, इंटर्नशिप, छात्रवृत्ति, कौशल विकास और उद्यमिता से जुड़ी जानकारियां एक क्लिक पर उपलब्ध हो सकती हैं।

युवाओं को सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर भी मुख्यमंत्री ने खास नसीहत दी। उन्होंने कहा कि रील देखने में 30 सेकंड लगाइए, लेकिन अपने कौशल को निखारने के लिए प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट जरूर दीजिए। उन्होंने कहा, "इस टैबलेट से फीड नहीं, अपना फ्यूचर स्क्रॉल करिए।"
मुख्यमंत्री ने यह भी आगाह किया कि इंटरनेट पर वायरल होने वाली हर सामग्री सही नहीं होती। इसलिए किसी भी जानकारी को आगे साझा करने से पहले उसका फैक्ट चेक जरूर करें। उन्होंने युवाओं से कहा कि टैबलेट के साथ अपने सपनों और संकल्पों को भी हमेशा चार्ज रखें।
'2017 से पहले वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया की स्थिति थी'
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले की कानून व्यवस्था और विकास की स्थिति को लेकर पिछली सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उस समय उत्तर प्रदेश में 'वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया' जैसी स्थिति थी। शिक्षा व्यवस्था जर्जर थी और नकल, भूमि, खनन, शराब तथा वन माफिया का प्रभाव दिखाई देता था।
योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश माफिया, कर्फ्यू और दंगों से मुक्त होकर देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन रहा है। उन्होंने अपनी सरकार की नीति को 'नो कर्फ्यू, नो दंगा-यूपी में सब चंगा' के नारे से व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने परिवारवाद पर हमला करते हुए कहा कि पिछली सरकारों की सोच सैफई तक सीमित थी, जबकि उनकी सरकार ने प्रदेश की 25 करोड़ जनता को अपना परिवार मानकर विकास के लिए काम किया।
चार जिलों के विकास के लिए 36 हजार करोड़ रुपये स्वीकृत
मुख्यमंत्री ने देवीपाटन मंडल के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय गोंडा का नाम देश के सबसे गंदे शहरों में शामिल हुआ करता था। बलरामपुर, बहराइच और श्रावस्ती जैसे जिले भी विकास की दौड़ में पीछे थे। नीति आयोग की आकांक्षी जिलों की सूची में इसी मंडल के तीन जनपद शामिल थे।
उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में डबल इंजन सरकार ने देवीपाटन मंडल के लिए लगभग 36 हजार करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। गोंडा में मेडिकल कॉलेज, बहराइच में संचालित मेडिकल कॉलेज, बलरामपुर में मां पाटेश्वरी के नाम पर विश्वविद्यालय और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण इस क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उदाहरण हैं।
मुख्यमंत्री ने श्रावस्ती एयरपोर्ट, बेहतर सड़क कनेक्टिविटी, थारू संग्रहालय और पर्यटन विकास परियोजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने बाराबंकी-बहराइच चार लेन कॉरिडोर, गोंडा-लखनऊ मार्ग के चौड़ीकरण और घाघरा नदी पर चार लेन पुल जैसी परियोजनाओं को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया।

साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश के साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की चार और बहुजन समाज पार्टी की तीन सरकारों के कुल सात कार्यकाल में जितनी नियुक्तियां हुईं, उससे दोगुने से अधिक नियुक्तियां उनकी सरकार ने की हैं।
उन्होंने बताया कि युवा साथी ऐप के माध्यम से 18 हजार से अधिक शैक्षिक कंटेंट और निशुल्क पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। छात्र-छात्राएं इसके जरिए छात्रवृत्ति, इंटर्नशिप, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
सीएम ने युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल समझदारी से करने की सलाह देते हुए कहा कि तकनीक व्यक्ति को सशक्त बनाने का माध्यम होनी चाहिए, न कि उसके दिमाग पर हावी होने का।
120 से बढ़कर 25 हजार हुए स्टार्टअप, हर जिले में बनेंगे रोजगार जोन
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में लगभग 120 स्टार्टअप थे, जबकि आज इनकी संख्या 25 हजार से अधिक हो गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा अब केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला भी बन रहा है।
उन्होंने प्रत्येक जनपद में सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एंड एम्प्लॉयमेंट जोन विकसित करने की योजना का भी उल्लेख किया। इसके तहत दसवीं, बारहवीं, स्नातक और परास्नातक युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो युवा जापान और जर्मनी जैसे देशों में रोजगार के अवसर तलाशना चाहते हैं, उन्हें सरकार अपने खर्च पर संबंधित भाषाओं का प्रशिक्षण दिलाने का प्रयास करेगी।
2047 के विकसित भारत के सारथी बनेंगे आज के युवा
मुख्यमंत्री ने युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा मतदाता सूची में अपना नाम जरूर शामिल कराएं। मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि नैतिक जिम्मेदारी भी है।
कार्यक्रम में केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री एवं सांसद कीर्तिवर्धन सिंह, सांसद करण भूषण सिंह, सांसद आनंद कुमार गोंड सहित कई विधायक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों से आए मेधावी विद्यार्थियों को मंच पर टैबलेट वितरित किए और बाद में विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर उनके साथ सेल्फी भी ली।
गोंडा के 33,200, बहराइच के 7,400, बलरामपुर के 5,100 और श्रावस्ती के 1,100 विद्यार्थियों को इस योजना का लाभ मिला। टैबलेट पाकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह दिखाई दिया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री का संदेश साफ था कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश का सपना तभी पूरा होगा, जब युवा तकनीक को केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि अपनी शिक्षा, हुनर और रोजगार का हथियार बनाएंगे। अब देखना होगा कि टैबलेट के माध्यम से युवाओं को मिलने वाले डिजिटल अवसर उनके भविष्य को कितनी नई दिशा देते हैं।
COMMENTS