दिल्ली में नमो यमुना क्रूज सफारी शुरू हो गई है। सोनिया विहार से जगतपुर तक करीब 40 मिनट की सैर के लिए प्रति व्यक्ति 500 रुपये किराया तय किया गया है। जानिए क्रूज का रूट, टिकट बुकिंग, यात्रियों की क्षमता, मनोरंजन सुविधाएं और सुरक्षा के इंतजाम।
राजधानी दिल्ली में यमुना नदी की पहचान अब केवल धार्मिक आस्था और प्रदूषण की चर्चाओं तक सीमित नहीं रहने वाली है। यमुना के किनारे पर्यटन को नई पहचान देने की दिशा में दिल्ली सरकार ने एक नई पहल की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा के साथ 'नमो यमुना क्रूज सफारी' का शुभारंभ किया। इस सेवा के शुरू होने से दिल्लीवासियों और पर्यटकों को राजधानी में ही नदी की लहरों के बीच सैर करने और परिवार के साथ कुछ सुकून भरे पल बिताने का नया विकल्प मिलेगा।
इस क्रूज सफारी की खास बात यह है कि महज 500 रुपये में यात्री लगभग 40 मिनट तक यमुना नदी में नौकायन का आनंद ले सकेंगे। सोनिया विहार से जगतपुर तक प्रस्तावित इस सफर को दिल्ली में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा करने की योजना के तौर पर देखा जा रहा है।

केजरीवाल सरकार पर सीएम रेखा का तीखा हमला
क्रूज सेवा के उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पिछली केजरीवाल सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार एक झोला लेकर घूमती थी, जिसमें काफी सारे पत्थर होते थे। ये पत्थर झूठे आरोपों और प्रपंचों के थे। कभी कहा जाता था कि मोदी सरकार काम नहीं करने देती, तो कभी उपराज्यपाल पर काम रोकने का आरोप लगाया जाता था। मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि इन पत्थरों को वे लोगों पर मारते थे।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार को अभी 21 महीने ही हुए हैं, लेकिन अब हर विभाग में काम हो रहा है। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर यमुना और छठ पूजा से जुड़े मुद्दों को भी उठाया और पिछली सरकार के कार्यकाल पर सवाल खड़े किए।
छठ पूजा को लेकर भी किया बड़ा ऐलान
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था जब लोग यमुना जी के दर्शन और पूजा के लिए तरस जाते थे। छठी मैया की पूजा करने के लिए श्रद्धालुओं को घाटों तक जाने की अनुमति नहीं मिलती थी और लोगों पर मुकदमे तक दर्ज किए गए। उन्होंने कहा कि जनता के एक वोट की ताकत से कमल की सरकार बनी और पहले ही साल छठ पूजा का भव्य आयोजन कराया गया।
रेखा गुप्ता ने दिल्लीवासियों को भरोसा दिलाया कि इस साल छठ पूजा का आयोजन पिछले वर्ष से भी अधिक भव्य स्तर पर किया जाएगा। उनके इस बयान को राजधानी में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं से जोड़कर देखा जा रहा है।

बच्चों से लेकर बड़ों तक के लिए मनोरंजन का इंतजाम
नमो यमुना क्रूज सफारी को केवल नाव की सैर तक सीमित नहीं रखा गया है। इसके आसपास विकसित किए गए क्रूज प्वाइंट पर परिवारों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई सुविधाएं तैयार की गई हैं। यहां लोगों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था की गई है। बच्चों के मनोरंजन के लिए टॉय शॉप और गेमिंग जोन बनाया गया है, जहां वे खेलकूद और मनोरंजक गतिविधियों का आनंद ले सकेंगे।
वहीं, बड़ों के लिए टेबल टेनिस जैसी गतिविधियों की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा वीडियो गेमिंग जोन और दिल्ली की संस्कृति, परंपरा एवं विरासत को प्रदर्शित करने के लिए एक विशेष प्रदर्शनी गैलरी भी बनाई गई है।
उद्घाटन समारोह के दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच इस नई पर्यटन पहल का स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने कुछ दिन पहले परियोजना का निरीक्षण करते हुए कहा था कि अब दिल्ली के लोग परिवार के साथ मां यमुना के दर्शन कर सकेंगे, क्रूज की सैर का आनंद ले सकेंगे और राजधानी में ही पिकनिक मनाने के लिए एक नया स्थान उनके पास होगा।
500 रुपये में 40 मिनट की सैर, जानिए पूरा रूट और बुकिंग का तरीका
क्रूज सफारी के संचालन को लेकर किराया, दूरी और यात्रियों की संख्या भी निर्धारित की गई है। इसकी प्रमुख जानकारियां इस प्रकार हैं:
रूट: सोनिया विहार से जगतपुर और वापस।
दूरी: लगभग 4 से 5 किलोमीटर।
यात्रा का समय: करीब 40 मिनट।

टिकट की कीमत: प्रति व्यक्ति 500 रुपये, जीएसटी सहित।
क्षमता: एक बार में अधिकतम 35 यात्री।
बुकिंग: दिल्ली पर्यटन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से टिकट बुक किए जा सकेंगे।
इस सेवा के जरिए पर्यटकों को यमुना के प्राकृतिक परिवेश के बीच समय बिताने का अवसर मिलेगा। हालांकि, यात्रा से पहले उपलब्ध स्लॉट और टिकट की स्थिति की जानकारी आधिकारिक बुकिंग प्लेटफॉर्म से लेना बेहतर रहेगा।
सुरक्षा के साथ पर्यावरण का भी रखा गया ध्यान
यह परियोजना वजीराबाद बैराज के ऊपरी हिस्से में यमुना किनारे पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकसित की जा रही है। इसके लिए मार्च 2025 में भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) और दिल्ली सरकार की संबंधित एजेंसियों के बीच समझौता हुआ था।
क्रूज सेवा में इस्तेमाल होने वाली नावों को यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इनमें जीरो डिस्चार्ज वाले बायो टॉयलेट, अनाउंसमेंट सिस्टम और सुरक्षा जैकेट की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा संचालक के लिए एक दिन में कम से कम चार चक्कर लगाने की शर्त भी निर्धारित की गई है।
इस व्यवस्था का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक अनुभव देना है। साथ ही जीरो डिस्चार्ज बायो टॉयलेट के जरिए नदी में गंदगी और अपशिष्ट के सीधे उत्सर्जन को रोकने पर जोर दिया गया है।
उद्घाटन में केंद्रीय मंत्री भी रहे मौजूद
नमो यमुना क्रूज सफारी के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा के अलावा केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
सरकार को उम्मीद है कि इस परियोजना से दिल्ली में पर्यटन गतिविधियों को गति मिलेगी, स्थानीय कारोबार को बढ़ावा मिलेगा और आसपास के लोगों के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। अब देखना होगा कि यमुना की लहरों पर शुरू हुई यह नई सफारी राजधानी के पर्यटन मानचित्र पर कितनी मजबूत जगह बना पाती है। साथ ही इसके सफल संचालन और यमुना के पर्यावरण संरक्षण को लेकर किए गए इंतजामों पर भी लोगों की नजर रहेगी।
COMMENTS