देशभर में दीपावली का त्योहार रोशनी और उत्साह के साथ मनाया गया, लेकिन कई परिवारों के लिए यह खुशियों का पर्व जिंदगी का सबसे दर्दनाक दिन बन गया। आगजनी और सड़क दुर्घटनाओं की अलग-अलग घटनाओं में 12 घंटे के भीतर 36 लोगों की मौत की खबर सामने आई। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में हुए इन हादसों ने पूरे देश को झकझोर दिया।
दीपावली का त्योहार यानी रोशनी, खुशियां, अपनों का साथ और जश्न। देशभर में लोगों ने दीप जलाकर और आतिशबाजी कर इस पर्व को धूमधाम से मनाया। लेकिन इसी जश्न के बीच कई परिवारों के घरों में ऐसा अंधेरा छा गया, जिसकी भरपाई शायद कभी नहीं हो सकेगी। कहीं आग ने पूरे परिवार को अपनी चपेट में ले लिया, तो कहीं सड़क हादसों में एक साथ कई लोगों की जान चली गई। देश के अलग-अलग राज्यों से सामने आई आगजनी और दुर्घटनाओं की घटनाओं में महज 12 घंटे के भीतर 36 लोगों की मौत हो गई।
मध्य प्रदेश से लेकर उत्तर प्रदेश, दिल्ली, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र तक हुए इन हादसों ने त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया। सबसे दर्दनाक बात यह रही कि कई घटनाओं में एक ही परिवार के कई सदस्य हमेशा के लिए बिछड़ गए।
मध्य प्रदेश: कटनी और सिवनी में आग ने उजाड़ दिए दो परिवार
मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बरही इलाके में दीपावली की रात तीन मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। लपटें इतनी तेज थीं कि दमकल की टीम के पहुंचने और बचाव प्रयासों के बावजूद मकान के भीतर मौजूद लोगों को समय रहते बाहर नहीं निकाला जा सका।
इस अग्निकांड में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में महज दो महीने का एक मासूम बच्चा भी शामिल था। त्योहार की रात एक ही घर से छह अर्थियां उठने की खबर ने इलाके को गमगीन कर दिया।
मध्य प्रदेश में दूसरी दर्दनाक घटना सिवनी जिले के छपारा कस्बे के महावीर वार्ड में हुई। यहां सोमवार तड़के करीब 3 बजे सर्राफा व्यापारी कुंदन सोनी के घर में आग लग गई। इस हादसे में एक ही परिवार के छह सदस्यों की जान चली गई।
मृतकों की पहचान 75 वर्षीय कुंदन लाल सोनी, 65 वर्षीय राजकुमारी सोनी, 42 वर्षीय रितु सोनी, 40 वर्षीय स्मृति सोनी, 45 वर्षीय सूर्या सोनी और 16 वर्षीय आदित्य सोनी के रूप में हुई है। हादसे के वक्त घर में कुल 10 लोग मौजूद थे। इनमें से चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दिल्ली: हाथ में फटा अनार, 10 साल के बच्चे की चली गई जान
राजधानी दिल्ली के नरेला इलाके से भी दीपावली के दिन दिल दहला देने वाली खबर सामने आई। यहां परिवार के साथ आतिशबाजी कर रहे 10 वर्षीय बच्चे की अनार पटाखे के कारण मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि बच्चा हाथ में अनार लेकर आतिशबाजी कर रहा था। अचानक पटाखा आगे जाने के बजाय उल्टी दिशा में आया और उसके सीने पर जा लगा। बच्चा जमीन पर गिर पड़ा। परिजन उसे आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। अस्पताल के मुताबिक, बच्चे की मौत वहां पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी।
मुजफ्फरनगर: कार बनी आग का गोला, छह लोग जिंदा जले
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में पानीपत-खटीमा हाईवे पर सुबह करीब 5:30 बजे भीषण सड़क हादसा हुआ। शामली से मुजफ्फरनगर की ओर जा रही एक कार तितावी थाना क्षेत्र में डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। टक्कर के बाद कार में आग लग गई और देखते ही देखते वह आग के गोले में तब्दील हो गई।
कार में सवार छह लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और सभी की जिंदा जलकर मौत हो गई। पुलिस जब तक मौके पर पहुंची, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि सभी मृतक हरियाणा के रहने वाले थे।
लखनऊ और चित्रकूट में भी मौत बनकर आए सड़क हादसे
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर बिहार के छपरा जा रही यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। पारा थाना क्षेत्र के पास हुए इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 45 यात्री घायल हुए। बस राजस्थान के रेवाड़ी से बिहार के छपरा जा रही थी और उसमें लगभग 50 से 60 यात्री सवार थे।
घटना के बाद भारी पुलिस बल, SDRF और फायर विभाग की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर भेजा गया।
वहीं चित्रकूट में दीपावली मेले से लौट रही ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चार लोगों की मौत हो गई और 12 लोग घायल हो गए। बताया गया कि ट्रैक्टर और ट्रॉली के बीच लगा हुक खुल गया, जिसके कारण ट्रॉली खाई में पलट गई। उसके नीचे दबने से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए।
छत्तीसगढ़: नदी में गिरी कार, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत
छत्तीसगढ़ के अभनपुर में राजिम के टीला एनीकट पर एक कार नदी में गिर गई। इस दुर्घटना में एक ही परिवार के चार सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई।
मृतकों की पहचान शीतल साहू, उनकी पत्नी भारती साहू, 19 वर्षीय बेटे विकास और 21 वर्षीय बेटी पुरवा के रूप में हुई है। बताया गया कि परिवार दीपावली मनाने के लिए कार से रायपुर से अपने घर जा रहा था। लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने पूरे परिवार को खत्म कर दिया।
महाराष्ट्र: किराना दुकान में लगी आग, छह लोगों की गई जान
महाराष्ट्र के धाराशिव जिले के येडशी गांव में भी बीती रात भीषण अग्निकांड हुआ। यहां एक किराना दुकान में अचानक आग लग गई। इस दुर्घटना में एक ही परिवार के छह लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल है।
त्योहार की खुशियों के बीच कई परिवारों की दुनिया उजड़ी
दीपावली पर हुए इन हादसों ने एक बार फिर आग से सुरक्षा, पटाखों के इस्तेमाल और सड़क पर सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है। एक तरफ लोग त्योहार की खुशियां मना रहे थे, वहीं दूसरी तरफ कई परिवारों के लिए यह दिन कभी न भूलने वाला दर्द बन गया।
रोशनी के इस पर्व पर जिन घरों में दीप जलने थे, वहां अब अपनों को खोने का मातम है। इन घटनाओं से यही सबक मिलता है कि त्योहार का उत्साह जरूरी है, लेकिन सुरक्षा से समझौता किसी भी कीमत पर नहीं होना चाहिए।
COMMENTS