गौतमबुद्धनगर में आंगनबाड़ी केंद्रों को नया फर्नीचर, खिलौने और शिक्षण सामग्री मिली। साथ ही बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा और क्रियान्वयन किया गया।
बच्चों के सर्वांगीण विकास और स्वास्थ्य सुरक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में गौतमबुद्धनगर प्रशासन द्वारा एक अहम पहल की गई। नायब तहसीलदार ज्योत्सना ने आज आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए उपलब्ध कराए गए खिलौनों और फर्नीचर का भौतिक सत्यापन किया। इस दौरान बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) सन्ध्या सोनी और संबंधित पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों को फर्नीचर, शिशु डेस्क और इंटरलॉकिंग मैट वितरित किए गए, जिससे छोटे बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ और अनुकूल शिक्षण वातावरण मिल सके। अधिकारियों ने कहा कि इस पहल से बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा और मानसिक विकास को मजबूती मिलेगी।

स्वास्थ्य के मोर्चे पर भी विशेष ध्यान दिया गया। आरबीएसके टीम के डॉ. मनीष द्वारा एनडीडी (नेशनल डी-वॉर्मिंग डे) कार्यक्रम के तहत कृमिनाशक दवा का वितरण किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को आगामी 10 फरवरी को आयोजित कृमिनाशक दिवस पर एल्बेंडाजोल दवा के व्यापक वितरण के निर्देश दिए गए।
सेक्टर मीटिंग के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पोषण ट्रैकर, ऑपरेटर आईडी, आयुष्मान कार्ड, पीएमएमवीवाई फार्म, अपार आईडी और एफआरएस से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं। इसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं का प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है।
इसके अतिरिक्त, स्वाभिमान होंडा इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय, सूरजपुर (ग्रेटर नोएडा) में शौचालय के नवनीकरण का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया। इस अवसर पर सीडीपीओ दनकौर ने होंडा इंडिया फाउंडेशन की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
COMMENTS