Wednesday, March 11, 2026

भूमाफिया को नहीं मिलेगी राहत, इलाज के लिए पैसे की कमी भी नहीं बनेगी बाधा—गोरखपुर में जनता दर्शन से सख्त संदेश”

जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनीं 150 शिकायतें, जमीन कब्जामुक्त कराने और पीड़ितों को न्याय दिलाने के दिए सख्त निर्देश

Noida , Latest Updated On - Jan 28 2026 | 12:22:03 PM
विज्ञापन

गोरखपुर में जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भूमाफिया, दबंगों और अन्याय के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इलाज के लिए आर्थिक सहायता और पारिवारिक विवादों के समाधान का भी भरोसा दिलाया।

विज्ञापन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि प्रदेश में किसी भी कीमत पर भूमाफिया और दबंगों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसी व्यक्ति की जमीन पर अवैध कब्जा किया गया है तो उसे तत्काल कब्जामुक्त कराया जाए और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई हो। मुख्यमंत्री बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में करीब 150 लोगों की समस्याएं सुन रहे थे।

महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में आयोजित जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री स्वयं कुर्सियों तक पहुंचे और एक-एक फरियादी की बात गंभीरता से सुनी। जमीन कब्जे की शिकायत पर उन्होंने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को मौके पर ही सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी पीड़ित के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। सरकार का संकल्प है कि हर व्यक्ति के जीवन में खुशहाली आए।


जनता दर्शन में महिलाओं ने पारिवारिक विवाद और ससुराल पक्ष से जुड़े मामले भी रखे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से दोनों पक्षों से संवाद कर समाधान निकालने और आवश्यकता पड़ने पर विधिसम्मत कार्रवाई करने को कहा। राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और निष्पक्षता पर विशेष जोर दिया गया।

इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग करने वालों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि पैसे की कमी से किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने निर्देश दिया कि इलाज से संबंधित इस्टीमेट शीघ्र तैयार कर शासन को भेजा जाए और धनराशि सीधे अस्पताल के खाते में दी जाए।