उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री एवं प्रयागराज शहर दक्षिणी से विधायक नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ की माता श्रीमती विमला देवी का बुधवार सुबह निधन हो गया। वह पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थीं और प्रयागराज के नाजरेथ हॉस्पिटल में उनका उपचार चल रहा था। उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से परिवार, राजनीतिक जगत और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई।
मां के निधन से भावुक हुए मंत्री नन्दी, सोशल मीडिया पर साझा किया दर्द
मातृशोक से व्यथित मंत्री नन्दी ने सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं साझा करते हुए लिखा, "आज माँ की छाया सिर से दूर हो गयी। पिताजी के जाने के बाद माँ ने ही परिवार को संभाला। उनका स्नेह, ममत्व और आशीर्वाद हर कठिनाई से जूझने का सम्बल था। उनकी उपस्थिति जीवन में ईश्वरीय मौजूदगी थी।"
मंत्री नन्दी के इस भावुक संदेश से मां के प्रति उनके गहरे लगाव और सम्मान की झलक दिखाई दी। पिता के निधन के बाद श्रीमती विमला देवी ने जिस धैर्य, त्याग और समर्पण के साथ पूरे परिवार को संभाला, वह उनके जीवन की सबसे बड़ी प्रेरणाओं में शामिल रहा। मां का स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए हर कठिन परिस्थिति में संबल बना रहा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फोन पर जताई संवेदना
मंत्री नन्दी की माताजी के निधन की सूचना मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मोबाइल फोन पर उनसे बातचीत की। मुख्यमंत्री ने इस दुखद घड़ी में अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए शोक जताया और परिवार के प्रति सहानुभूति प्रकट की।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पहुंचे मंत्री नन्दी के आवास
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज के बहादुरगंज स्थित मंत्री नन्दी के आवास पहुंचकर श्रीमती विमला देवी के पार्थिव शरीर के दर्शन किए और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
उन्होंने मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी एवं पूर्व महापौर श्रीमती अभिलाषा गुप्ता नन्दी से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस अपूरणीय क्षति पर शोक संवेदना व्यक्त की।

राजनीतिक और सामाजिक जगत की हस्तियों ने जताया शोक
श्रीमती विमला देवी को श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, विधायक पीयूष रंजन निषाद, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य और महापौर गणेश केसरवानी सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल रहे।
इसके अतिरिक्त भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी और सांसद भोला सिंह समेत कई मंत्रीगण एवं जनप्रतिनिधियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।
भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के साथ-साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, सामाजिक संस्थाओं, व्यापारिक संगठनों, समाजसेवियों और बुद्धिजीवियों ने भी श्रीमती विमला देवी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।
परिवार के लिए अपूरणीय क्षति
मां का बिछुड़ना जीवन की ऐसी पीड़ा है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। श्रीमती विमला देवी का स्नेह, त्याग, संस्कार और आशीर्वाद परिवार के लिए सदैव अविस्मरणीय रहेंगे। उनके निधन से मंत्री नन्दी और उनके परिवार को गहरा आघात पहुंचा है।
भारत न्यूज़ 360 टीवी परिवार की ओर से दिवंगत श्रीमती विमला देवी को विनम्र श्रद्धांजलि तथा शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल दें।
COMMENTS