ग्रेटर नोएडा के निक्की मर्डर केस में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जेठ रोहित भाटी को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पति विपिन और सास दयावती जेल की सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं। निक्की को दहेज के लिए जिंदा जलाया गया था, जिससे पूरे देश में आक्रोश है।
ग्रेटर नोएडा के चर्चित निक्की हत्याकांड में पुलिस ने तीसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार को निक्की के जेठ रोहित भाटी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर रोहित को सिरसा टोल प्लाजा के पास से दबोचा। इससे पहले रविवार को पुलिस ने एनकाउंटर के दौरान निक्की के पति विपिन भाटी को पैर में गोली मारकर पकड़ लिया था।
उसी दिन शाम को निक्की की सास दयावती को भी थाना कासना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। आज दिनांक 25.08.2025 को थाना कासना पुलिस द्वारा मैनुअल इंटेलिजेंस व गोपनीय सूचना की सहायता से वांछित अभियुक्त (ससुर) सतवीर पुत्र फकीरा ग्राम सिरसा थाना कासना गौतमबुद्धनगर, उम्र 55 वर्ष को सिरसा चौराहा के पास से गिरफ्तार किया गया है।

पीड़िता के परिजनों का गंभीर आरोप है कि सास दयावती ने ही निक्की पर मिट्टी का तेल डाला और उसके पति विपिन भाटी ने आग लगा दी।
निक्की के पिता भिखारी सिंह पैला का आरोप है कि 36 लाख रुपए दहेज के लिए उनकी बेटी को उसके पति, सास और अन्य परिजनों ने जिंदा जला डाला। 70% से अधिक झुलसने के बाद निक्की ने दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

निक्की अपने पीछे एक मासूम बेटे को छोड़ गई हैं, जिससे पूरा परिवार और समाज स्तब्ध है।
इस जघन्य कांड पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी संज्ञान लेते हुए यूपी पुलिस से तीन दिन के भीतर एक्शन रिपोर्ट मांगी है।

वहीं, निक्की के पिता ने आरोपियों को फांसी की सजा देने और उनके घर पर बुलडोजर एक्शन चलाने की मांग की है। दहेज के लिए हुई इस क्रूर हत्या ने न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश को हिला कर रख दिया है। लगातार गिरफ्तारी और पुलिस की सख्ती के बावजूद पीड़िता के परिवारजन आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग पर अड़े हुए हैं।
COMMENTS