संसद के मकर द्वार पर कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू आमने-सामने आए। दोनों नेताओं के बीच तीखी बयानबाज़ी का वीडियो सामने आया है।
संसद के बजट सत्र के दौरान बुधवार को संसद परिसर में एक असामान्य और तीखा सियासी घटनाक्रम देखने को मिला, जब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू आमने-सामने आ गए। संसद के मकर द्वार के बाहर कांग्रेस सांसद भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, इसी दौरान दोनों नेताओं के बीच जुबानी जंग छिड़ गई, जिसका वीडियो भी सामने आया है।
घटना उस वक्त हुई जब केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस सांसदों के पास से गुजर रहे थे। तभी राहुल गांधी ने उन्हें देखते हुए कहा, “देखो, एक गद्दार यहीं से गुजर रहा है, इसका चेहरा देखो।” इसके बाद राहुल गांधी ने बिट्टू की ओर हाथ बढ़ाते हुए कहा, “नमस्ते भाई, मेरे गद्दार दोस्त। चिंता मत करो, तुम वापस कांग्रेस में आ जाओगे।”
राहुल गांधी की इस टिप्पणी पर केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने हाथ मिलाने से इनकार करते हुए राहुल गांधी को “देश का दुश्मन” कह दिया। दोनों नेताओं के बीच कुछ देर तक तीखी नोकझोंक होती रही, जिसे वहां मौजूद सांसदों और सुरक्षाकर्मियों ने देखा।

गौरतलब है कि रवनीत सिंह बिट्टू पहले कांग्रेस में थे और 2024 लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी में शामिल हो गए थे। इसी राजनीतिक पृष्ठभूमि के चलते राहुल गांधी की टिप्पणी को सीधा तंज माना जा रहा है।
इससे पहले कांग्रेस सांसद संसद की सीढ़ियों पर ‘PM Compromised हैं’ लिखे पोस्टर लेकर भारत-अमेरिका ट्रेड एग्रीमेंट के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। राहुल गांधी ने मंगलवार को भी इस मुद्दे पर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए थे।
वहीं, मंगलवार को ही बजट सत्र के दौरान हंगामे के चलते आठ विपक्षी सांसदों को निलंबित कर दिया गया था। इनमें गुरजीत सिंह औजला, हिबी ईडन, डीन कुरियाकोस, अमरिंदर सिंह राजा वारिंग, बी. मणिकम टैगोर, डॉ. प्रशांत पाडोले, चमाला किरण कुमार रेड्डी और एस. वेंकटेशन शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि सोमवार से ही सदन में तनाव का माहौल है, जब राहुल गांधी को 2020 भारत-चीन संघर्ष से जुड़ी पूर्व सेना प्रमुख एमएम नरवणे की अप्रकाशित किताब का हवाला देने वाले लेख को पढ़ने से रोक दिया गया था।
COMMENTS