झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संस्थापक शिबू सोरेन का सोमवार सुबह 81 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे पिछले कई हफ्तों से दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में भर्ती थे।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संस्थापक शिबू सोरेन का सोमवार सुबह निधन हो गया। वे 81 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से गंभीर रूप से बीमार चल रहे थे। दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में उन्होंने सुबह 8:56 बजे अंतिम सांस ली। जून महीने में किडनी से जुड़ी समस्याओं के चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में स्ट्रोक के कारण उनकी हालत और बिगड़ गई थी। वे एक महीने से अधिक समय तक वेंटिलेटर और लाइफ सपोर्ट पर थे।

अस्पताल के नेफ्रोलॉजी विभाग के चेयरमैन डॉ. एके भल्ला और न्यूरोलॉजी टीम की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें नहीं बचाया जा सका। निधन के समय उनका परिवार उनके साथ मौजूद था।

‘गुरुजी’ के नाम से लोकप्रिय शिबू सोरेन झारखंड आंदोलन और आदिवासी अधिकारों की लड़ाई के प्रमुख नेता रहे। उनके निधन से झारखंड की राजनीति में एक युग का अंत हो गया। देशभर के नेताओं और समर्थकों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।