दिल्ली पुलिस STF ने तुगलकाबाद में 10 टन लाल चंदन बरामद किया। दो तस्कर गिरफ्तार, लकड़ी की कीमत करोड़ों में और अंतरराष्ट्रीय मार्केट में बेचने की फिराक थी।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एक बड़ी कार्रवाई में 10 टन लाल चंदन (रेड सैंडलवुड) की लकड़ी बरामद की है। यह लकड़ी आंध्र प्रदेश के तिरुपति से अवैध रूप से दिल्ली तस्करी की जा रही थी।
पुलिस ने इस अवैध तस्करी में शामिल दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी हैं इरफ़ान, हैदराबाद का निवासी, और अमित, मुंबई का निवासी। अधिकारियों के अनुसार यह लकड़ी अंतरराष्ट्रीय मार्केट में बेचने की फिराक में थी, खासकर चीन और म्यांमार में। बरामद लकड़ी की कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।

यह अब तक की दिल्ली पुलिस की सबसे बड़ी रेड सैंडलवुड रिकवरी मानी जा रही है। दिल्ली पुलिस ने आंध्र प्रदेश पुलिस की मदद से इनफार्मेशन मिलने के बाद STF और लोकल पुलिस की टीम बनाई और ज्वाइंट ऑपरेशन के तहत तुगलकाबाद इलाके के एक गोदाम से यह हाई-क्वालिटी लकड़ी बरामद की।
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का मकसद न केवल तस्करी रोकना है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को भी बेनकाब करना है। आज दोपहर दिल्ली पुलिस मुख्यालय में इस मामले की विस्तृत जानकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जाएगी।

STF अधिकारियों ने बताया कि अब मामले की आगे की जांच जारी है और यह कार्रवाई दिल्ली और पूरे देश में लाल चंदन की तस्करी पर कड़ा संदेश भेजती है।
COMMENTS