ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र में बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से करीब 11 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और एक अवैध चाकू बरामद हुआ है। करीब 250 CCTV कैमरों और सर्विलांस की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंची।
बंद मकान देखकर उसकी रेकी करना, मौका मिलते ही अंदर घुसना और सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो जाना... बीटा-2 थाना पुलिस के मुताबिक, कुछ इसी अंदाज में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाला एक आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में है। पुलिस ने आरोपी को चोरी किए गए लाखों रुपये के आभूषणों और अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर 2026 को थाना बीटा-2 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से आरोपी सारमिन उर्फ शम्भू पुत्र इतवारी को लेबर गोल चक्कर के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से करीब 11 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। इसके अलावा उसके पास से एक अवैध चाकू भी मिला है।
250 CCTV कैमरों ने जोड़ा चोरी की वारदातों का कनेक्शन
पुलिस के मुताबिक, बीटा-2 थाना क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने करीब 250 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस की मदद ली। इसी जांच के दौरान पुलिस को आरोपी तक पहुंचने वाला सुराग मिला।

पुलिस का दावा है कि आरोपी बंद पड़े मकानों की रेकी करता था और यह देखता था कि किस घर में कई दिनों से कोई नहीं है। इसके बाद मौका मिलते ही वह मकान में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लेता था।
जांच में पुलिस ने आरोपी को बीटा-2 क्षेत्र में हुई कई चोरी की घटनाओं से जोड़ने की बात कही है।
अल्फा-1 से अल्फा-2 तक, कई वारदातों का आरोप
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने करीब 7-8 महीने पहले अल्फा-1 क्षेत्र में सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए थे। इसके बाद फरवरी 2026 में अल्फा-2 में भी चोरी की घटना को अंजाम देने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, कुछ दिन पहले अल्फा-2 क्षेत्र में हुई एक और चोरी में भी आरोपी की संलिप्तता सामने आई। इन घटनाओं के अनावरण के लिए पुलिस टीम लगातार सुराग जुटा रही थी। CCTV फुटेज और सर्विलांस से मिले इनपुट के आधार पर आखिरकार पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया।
क्या-क्या बरामद हुआ?
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने और चांदी के कई आभूषण बरामद किए हैं। बरामदगी में 03 नेकलेस पीली धातु के, 02 माथे के मांग टीका पीली धातु के और 02 कानों के ऊपर की बारीक चैन पीली धातु की शामिल हैं।
इसके अलावा 02 पाजेब, 02 सैम्पल, 01 गले का हार, 01 हाथ का ब्रेसलेट, 04 बच्चों के हाथ के कड़े और 04 बिछुए, सभी सफेद धातु के, बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के पास से 01 अवैध चाकू भी बरामद किया है।

पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। थाना बीटा-2 में उसके खिलाफ वर्ष 2026 के दो मामले दर्ज हैं। इनमें मु0अ0सं0 376/26, धारा 305(a)/317(2) बीएनएस और धारा 4/25 आयुध अधिनियम तथा मु0अ0सं0 0057/26, धारा 331(4)/305(ए)/317(2) बीएनएस के तहत मामले शामिल हैं।
इसके अलावा आरोपी के खिलाफ वर्ष 2016 में भी कई मुकदमे दर्ज रहे हैं। इनमें थाना बीटा-2 में मु0अ0सं0 0774/16 धारा 380/457/411 भादवि, मु0अ0सं0 843/16 धारा 457/380/411 भादवि, मु0अ0सं0 683/16 धारा 380/411 भादवि और मु0अ0सं0 956/16 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं।
थाना सूरजपुर में भी उसके खिलाफ मु0अ0सं0 770/16, धारा 457/380/411 भादवि का मामला दर्ज है। वहीं थाना बीटा-2 में वर्ष 2015 का मु0अ0सं0 02/15, धारा 457/380/411 भादवि भी दर्ज है।
पुलिस की इस कार्रवाई से फिलहाल उन चोरी की घटनाओं की जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है, जिनमें बंद मकानों को निशाना बनाया गया था। बरामद आभूषण किन-किन मामलों से जुड़े हैं और आरोपी ने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है, इसकी आगे की जांच पुलिस कर रही है।
COMMENTS