ग्रेटर नोएडा के ATS Happy Trails Society में मिशन शक्ति अभियान-5.0 के तहत महिला सुरक्षा और साइबर सुरक्षा पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा प्रीति यादव ने उपस्थित लोगों को सुरक्षा उपायों, हेल्पलाइन नंबरों और डिजिटल जागरूकता की जानकारी दी।
पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशानुसार और पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा प्रीति यादव के नेतृत्व में मिशन शक्ति अभियान-5.0 के तहत दुर्गा पंडाल (ATS Happy Trails Society, सेक्टर 10, ग्रेटर नोएडा वेस्ट) में महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और विभिन्न योजनाओं पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों, बच्चों और महिलाओं को वूमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और पुलिस हेल्पलाइन 112 के माध्यम से सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया बताई गई। साइबर सुरक्षा टीम ने ऑनलाइन धोखाधड़ी, फिशिंग, पासवर्ड सुरक्षा, सोशल मीडिया की सुरक्षित उपयोग विधियों और डिजिटल व्यवहार से जुड़ी जानकारियां साझा की।

बालिकाओं और महिलाओं को साइबर सुरक्षा, डिजिटल एरेस्ट और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के महत्व पर विशेष रूप से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि व्यक्तिगत जानकारी को साझा करने से बचना चाहिए, ताकि स्वयं सुरक्षित रह सकें।
पुलिस अधिकारीगण ने गुड टच-बैड टच और घरेलू हिंसा से संबंधित चर्चा करते हुए लोगों को किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन से तुरंत सहायता लेने की सलाह दी। साथ ही, मेधावी छात्रों को सम्मानित कर उनके प्रयासों को प्रोत्साहित किया गया।
यह पहल न केवल महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से की गई, बल्कि डिजिटल जागरूकता और साइबर सुरक्षा के प्रति समुदाय में चेतना बढ़ाने के लिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
COMMENTS