नोएडा के थाना सेक्टर-63 क्षेत्र में चाकू से जानलेवा हमला करने वाले दो वांछित अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चाकू और खून लगे कपड़े बरामद हुए हैं।
नोएडा के थाना सेक्टर-63 पुलिस ने जानलेवा चाकू हमले के एक गंभीर मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक चाकू और वारदात के समय पहने गए खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 07 जनवरी 2026 को एक महिला आवेदिका ने थाना सेक्टर-63 में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि श्रीकांत पुत्र मृत्युंजय और राज सिंह पुत्र मुकुल ने उसके बेटे पर जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस मामले में थाना सेक्टर-63 पर मु0अ0सं0 0010/2026, धारा 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार अभियुक्तों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में दिनांक 12 जनवरी 2026 को थाना सेक्टर-63 पुलिस ने सूचना के आधार पर बहलोलपुर अंडरपास के पास से दोनों वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान श्रीकांत उर्फ करन पुत्र मृत्युंजय और राज सिंह पुत्र मुकुल सिंह के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से जिला सिवान, बिहार के निवासी हैं और वर्तमान में चोटपुर कॉलोनी, सेक्टर-63, गौतमबुद्धनगर में रह रहे थे। दोनों की उम्र लगभग 21 वर्ष बताई गई है।
पुलिस ने बताया कि आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
COMMENTS