फिरोजाबाद के सिरसागंज में बन रहा उत्तर प्रदेश का पहला आर्य गुरुकुल म्यूज़ियम 80% तैयार हो चुका है। आधुनिक तकनीक से सुसज्जित यह संग्रहालय ब्रज क्षेत्र को नई वैश्विक पहचान देने की ओर अग्रसर है।
ब्रज क्षेत्र के फिरोजाबाद जिले के सिरसागंज में 24.45 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हो रहा उत्तर प्रदेश का पहला आर्य गुरुकुल म्यूज़ियम अब लगभग 80 प्रतिशत तैयार हो चुका है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने हालिया समीक्षा बैठक में परियोजना को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
यह आधुनिक संग्रहालय इमर्सिव लर्निंग, विज़ुअल स्टोरीटेलिंग और इंटरैक्टिव डिस्प्ले तकनीकों के माध्यम से आर्य समाज के इतिहास, विचारधारा और योगदान को जीवंत रूप में प्रस्तुत करेगा। यहां स्थापना काल, संस्थापकों व स्थानीय नेताओं की भूमिका, स्वतंत्रता संग्राम में योगदान, सिद्धांत, योग की प्रासंगिकता और समकालीन महत्व जैसे अलग-अलग जोन विकसित किए गए हैं।

परियोजना के तहत ऑडिटोरियम, मल्टीपर्पज हॉल, एम्फीथिएटर, हेलीपैड, फायर फाइटिंग सिस्टम सहित कई ब्लॉकों का ढांचा तैयार हो चुका है। बाहरी विद्युतीकरण, ट्यूबवेल और अंडरग्राउंड सम्प पर कार्य जारी है, जबकि सीसी रोड, हॉर्टिकल्चर, तालाब विकास, फ्लोटिंग मल्टीमीडिया और CCTV कार्य प्रारंभ होने शेष हैं।
म्यूज़ियम के केंद्र में पाँच मूल पिलर होंगे—ईश्वर को सच्चे ज्ञान का स्रोत मानना, वेदों के मार्ग पर चलना, सत्य और धर्म का पालन, मानवता की समग्र उन्नति और समानता व न्याय की भावना। यह संग्रहालय “वेदों की ओर लौटो” के संदेश को आधुनिक संदर्भ में प्रस्तुत करेगा।

मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि यह म्यूज़ियम ब्रज क्षेत्र को वैश्विक पहचान दिलाने में मील का पत्थर साबित होगा। आगरा के ताजमहल के साथ अब आर्य गुरुकुल म्यूज़ियम भी सांस्कृतिक पर्यटन का नया केंद्र बनेगा।
COMMENTS