गोरखपुर में 50 हजार से अधिक युवाओं को टैबलेट वितरित करते हुए CM योगी ने 26 जनवरी तक 82 हजार भर्तियों के नियुक्ति पत्र देने, हर जिले में स्किलिंग जोन बनाने और नशे के सौदागरों पर कार्रवाई का ऐलान किया।
उत्तर प्रदेश में युवाओं को रोजगार, कौशल विकास और डिजिटल शिक्षा से जोड़ने की दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई बड़े ऐलान किए हैं। शुक्रवार को गोरखपुर में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के दूसरे चरण के तहत आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं एवं प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए। इस दौरान उन्होंने 23 विद्यार्थियों को अपने हाथों से टैबलेट प्रदान किए और युवाओं को डिजिटल तकनीक का उपयोग पढ़ाई तथा कौशल विकास के लिए करने की सलाह दी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने रोजगार को लेकर बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश में नौकरियों की कमी नहीं है। 8 हजार लेखपालों, 32 हजार पुलिसकर्मियों और 42 हजार से अधिक होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इन भर्तियों के नियुक्ति पत्र 26 जनवरी तक वितरित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराना है।
नशे के कारोबारियों पर होगी सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में माफिया और संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई के बाद अब नशे के सौदागरों के विरुद्ध भी सख्त अभियान शुरू किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि युवाओं के भविष्य और करियर के साथ खिलवाड़ करने वालों को सरकार बख्शेगी नहीं।
उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने भविष्य पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा शक्ति ही प्रदेश और देश के विकास की सबसे बड़ी ताकत है। इसलिए युवाओं को गलत संगत और नशे से बचकर अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगानी चाहिए।

COMMENTS