20 से 28 सितम्बर 2025 तक लखनऊ विश्वविद्यालय में चौथा गोमती पुस्तक महोत्सव आयोजित होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उद्घाटन करेंगे। 225 से अधिक प्रकाशक, चर्चित लेखक, कवि और विद्वान शामिल होंगे। बच्चों और युवाओं के लिए खास गतिविधियाँ होंगी।
लखनऊ, जिसे कवियों और साहित्यकारों की नगरी कहा जाता है, अब बनने जा रहा है साहित्य और संस्कृति का महाकेंद्र। 20 से 28 सितम्बर 2025 तक लखनऊ विश्वविद्यालय में आयोजित होगा चौथा गोमती पुस्तक महोत्सव।
इस महोत्सव का आयोजन राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, भारत (शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार) द्वारा उत्तर प्रदेश सरकार और लखनऊ विश्वविद्यालय के सहयोग से किया जा रहा है। शुभारंभ 20 सितम्बर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। उद्घाटन समारोह में उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी, पद्मश्री डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी, एनबीटी-इंडिया अध्यक्ष प्रो. मिलिंद सुधाकर मराठे, कुलपति प्रो. मनुका खन्ना और निदेशक युवराज मलिक मौजूद रहेंगे।

प्रेस वार्ता में प्रो. मनुका खन्ना ने कहा – यह आयोजन ‘पढ़े लखनऊ, बढ़े लखनऊ’ और ‘पढ़े विश्वविद्यालय, बढ़े विश्वविद्यालय’ के लक्ष्य को आगे बढ़ाएगा। एनबीटी निदेशक युवराज मलिक ने बताया कि इस बार आयोजन और भी विशाल होगा, जिसमें 225 से अधिक प्रकाशकों के स्टॉल, साहित्यिक सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम और बच्चों के लिए रचनात्मक गतिविधियाँ होंगी।
विशिष्ट वक्ताओं में डॉ. अरुण मोहन शेरी, गुलाब कोठारी, संतोष चौबे, अखिलेंद्र मिश्रा, शीला रोहेकर, शिवमूर्ति, डॉ. विद्या विंदु सिंह और डॉ. रामबहादुर मिश्रा शामिल रहेंगे।

चिल्ड्रन्स पवेलियन में चित्रोत्सव, स्टोरीटेलिंग, कठपुतली शो, ओरिगामी, वैदिक गणित और प्रतियोगिताएँ होंगी। आगंतुक राष्ट्रीय ई-पुस्तकालय का अनुभव करेंगे और पंजीकरण पर 10% छूट भी पाएंगे।
सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक प्रवेश निःशुल्क रहेगा। यह केवल महोत्सव नहीं, बल्कि साहित्य, कला और संस्कृति का उत्सव है, जहाँ हर आगंतुक को मिलेगा नया अनुभव।
COMMENTS