उत्तर प्रदेश: मिशन शक्ति 5.0 के तहत "शक्ति संवाद" कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं ने साझा किए अनुभव
मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत अन्तर्राष्ट्रीय बालिका सप्ताह (3 से 11 अक्टूबर) के अवसर पर प्रदेश भर में आज "शक्ति संवाद कार्यक्रम" का आयोजन किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित इस विशेष पहल में जनपद स्तर पर मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड एवं सामान्य), और पति की मृत्यु उपरांत महिला पेंशन योजना जैसी प्रमुख योजनाओं की लाभार्थी महिलाओं और बच्चों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी और नामित प्रशासनिक अधिकारियों के साथ संवाद की श्रृंखला आयोजित की गई, जिसमें लाभार्थियों ने अपनी समस्याएँ रखीं, अनुभव साझा किए और योजनाओं के प्रभाव पर चर्चा की। अधिकारियों ने न केवल उनकी बातों को गंभीरता से सुना बल्कि समयबद्ध समाधान का आश्वासन भी दिया।
अपर मुख्य सचिव लीना जोहरी ने कहा कि "शक्ति संवाद केवल योजनाओं की जानकारी या समीक्षा का मंच नहीं है, बल्कि यह उन बालिकाओं और महिलाओं की आवाज को सम्मान देने का प्रयास है, जो चुनौतियों के बावजूद आत्मनिर्भर बनने की राह पर हैं।"

यह संवाद लाभार्थियों और प्रशासन के बीच सीधा सेतु बन गया। प्रदेशभर में 2,000 से अधिक लाभार्थियों ने इसमें हिस्सा लिया। उल्लेखनीय है कि मिशन शक्ति के पांचवें चरण के दौरान 22 सितम्बर से 10 अक्टूबर, 2025 तक कुल 14.66 लाख व्यक्तियों को जागरूक किया गया, जिसमें महिलाएं, पुरुष, बालक और बालिकाएं सभी शामिल हैं।
"शक्ति संवाद" ने यह साबित किया कि समाज और प्रशासन मिलकर कार्य करें तो हर बालिका और महिला के जीवन में वास्तविक परिवर्तन संभव है।
COMMENTS