जौनपुर की मीरा सिंह ने योगी सरकार के मिशन शक्ति और नीली क्रांति योजनाओं की मदद से 1 एकड़ से 25 एकड़ तक मत्स्य पालन बढ़ाया और महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित किए।
उत्तर प्रदेश में महिलाएं अब समाज और अर्थव्यवस्था की धुरी बन रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मिशन शक्ति अभियान ने महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का मजबूत आधार दिया है। इसका जीवंत उदाहरण जौनपुर जिले की शाहगंज तहसील के सुइथाकला विकास खंड के ग्राम बुढ़ूपुर की मीरा सिंह हैं।

कभी सीमित संसाधनों में जीवन यापन करने वाली मीरा ने मत्स्य पालन के क्षेत्र में ऐसा मुकाम हासिल किया है, जो उनके परिवार की तकदीर बदल रहा है और गांव की अन्य महिलाओं और युवाओं के लिए प्रेरणा बन रहा है। 2020–21 में 1 एकड़ से शुरू किए गए मत्स्य पालन को उन्होंने आज 25 एकड़ तक बढ़ाया।
योगी सरकार की ‘नीली क्रांति’ और मिशन शक्ति योजनाओं के तहत मीरा को 15 लाख रुपये का अनुदान, वैज्ञानिक प्रशिक्षण और तकनीकी मार्गदर्शन मिला। इससे उनका वार्षिक उत्पादन 1400 कुंतल तक पहुंचा, जिसमें पंगेशियस, रोहू, भाकुर और मृगल शामिल हैं। मीरा अब 10 से अधिक लोगों को रोजगार दे रही हैं और आसपास के गांवों में मछली और बीज की आपूर्ति कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही हैं।

मीरा सिंह का मानना है कि मिशन शक्ति ने उन्हें आत्मरक्षा, आर्थिक स्वतंत्रता और महिलाओं को सशक्त बनाने की प्रेरणा दी। अब वह अन्य महिलाओं को मत्स्य पालन सिखाकर स्वावलंबन की नई पीढ़ी तैयार कर रही हैं।
COMMENTS