ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने वायु प्रदूषण रोकने के लिए अभियान तेज किया। CEO डॉ. बलकार सिंह ने दो शिफ्टों में सफाई, एंटी स्मॉग गन बढ़ाने और नियम तोड़ने वालों पर जुर्माने के निर्देश दिए।
दिल्ली-NCR में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने प्रदूषण नियंत्रण को लेकर अपनी मुहिम तेज कर दी है। शहर की हवा को साफ रखने और धूल-कणों पर नियंत्रण के लिए प्राधिकरण ने कई स्तरों पर कार्रवाई की तैयारी की है।
इस संबंध में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के CEO डॉ. बलकार सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदूषण रोकने के लिए जरूरी कदम तत्काल उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वालों पर जुर्माना लगाने के साथ सख्त कार्रवाई भी की जाए।
सड़कों की सफाई अब दिन और रात, कच्चे रास्तों पर लगेगी घास
CEO डॉ. बलकार सिंह ने निर्देश दिए कि सड़कों के किनारे जहां भी कच्चे रास्ते हैं, वहां घास लगाई जाए, ताकि वाहनों की आवाजाही से धूल न उड़े। उन्होंने मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों से सड़कों की सफाई दो शिफ्टों में कराने को कहा। इसके तहत दिन और रात दोनों समय सफाई सुनिश्चित की जाएगी।

प्रदूषण के लिहाज से चिह्नित सभी हॉटस्पॉट पर विशेष रोकथाम के उपाय लागू करने के निर्देश भी दिए गए। CEO ने ACEO, महाप्रबंधक, उप महाप्रबंधक और वरिष्ठ प्रबंधकों को खुद नियमित रूप से क्षेत्रों का निरीक्षण करने को कहा, ताकि जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं की निगरानी हो सके।
एंटी स्मॉग गन और वाटर स्प्रिंकलर बढ़ाने के निर्देश
बैठक में CEO ने जरूरत के अनुसार एंटी स्मॉग गन और वाटर स्प्रिंकलर की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा के सभी निर्धारित कूड़ा संकलन केंद्रों से नियमित रूप से कूड़ा उठाने और निर्माण स्थलों पर निर्माण सामग्री को ढककर रखने की हिदायत दी गई, जिससे धूल और प्रदूषण फैलने से रोका जा सके।
RWA से स्कूल-कॉलेज तक चलेगा जागरूकता अभियान
प्रदूषण नियंत्रण को लेकर सिर्फ कार्रवाई ही नहीं, बल्कि जनभागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया है। CEO ने निर्देश दिए कि ग्रेटर नोएडा की RWA, अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन के कार्यालयों और सामुदायिक केंद्रों के नोटिस बोर्ड पर जागरूकता संबंधी पर्चे लगाए जाएं।
बल्क वेस्ट जेनरेटरों के साथ-साथ स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों में NGO के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे, ताकि लोगों को प्रदूषण रोकने के नियमों और उनकी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया जा सके।

लकड़ी के अलाव की जगह इलेक्ट्रिक हीटर, ई-चार्जिंग स्टेशन भी बढ़ेंगे
सर्दियों में प्रदूषण कम करने के लिए CEO ने लकड़ी के अलाव के स्थान पर इलेक्ट्रिक हीटर का इस्तेमाल करने पर जोर दिया। साथ ही शहर में ई-चार्जिंग स्टेशनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा मिल सके।
हॉर्टिकल्चर वेस्ट को जलाने के बजाय उससे वर्मी कंपोस्ट तैयार करने की व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया गया। CEO ने स्पष्ट किया कि हॉर्टिकल्चर या अन्य किसी प्रकार के कचरे में आग लगाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पूरे साल लागू रहेंगे प्रदूषण नियंत्रण के नियम
CEO डॉ. बलकार सिंह ने अधिकारियों को याद दिलाया कि वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) के निर्देशों का पालन केवल सर्दियों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि पूरे साल प्रदूषण नियंत्रण के उपाय लागू रखना जरूरी है। उन्होंने दो टूक कहा कि प्रदूषण रोकने से जुड़े नियमों की अनदेखी करने वालों पर जुर्माना लगाया जाए और आवश्यकतानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
बैठक में ACEO प्रेरणा सिंह, ACEO सुमित यादव, ACEO नुपुर गोयल, महाप्रबंधक एके सिंह, उप महाप्रबंधक विजय रावल सहित सभी वरिष्ठ प्रबंधक और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
अब निगाह इस बात पर रहेगी कि बैठक में दिए गए ये निर्देश ग्रेटर नोएडा की सड़कों, निर्माण स्थलों और प्रदूषण प्रभावित क्षेत्रों में कितनी तेजी से जमीन पर उतरते हैं।
COMMENTS