आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्वांटम कंप्यूटिंग के बढ़ते प्रभाव के बीच उत्तर प्रदेश सरकार डिजिटल सुरक्षा को मजबूत करने की तैयारी में जुटी है। लखनऊ में आयोजित विशेष कार्यशाला में ₹2,000 करोड़ के यूपी एआई मिशन, क्वांटम कंप्यूटर की स्थापना, सरकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म की सुरक्षा, डेटा संरक्षण और साइबर हमलों से बचाव पर विस्तार से मंथन हुआ। विशेषज्ञों ने तकनीक के साथ मानवीय जवाबदेही और संवेदनशीलता बनाए रखने पर भी जोर दिया।
डिजिटल तकनीक जितनी तेजी से लोगों की जिंदगी और सरकारी कामकाज को आसान बना रही है, उतनी ही तेजी से साइबर अपराधियों के हमले भी नए और खतरनाक रूप ले रहे हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), क्वांटम कंप्यूटिंग और डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते इस्तेमाल ने डेटा सुरक्षा को सरकारों के सामने बड़ी चुनौती बना दिया है। ऐसे में उत्तर प्रदेश को साइबर हमलों से सुरक्षित रखने और भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार करने की दिशा में योगी सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप उत्तर प्रदेश स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंस (यूपीएसआईएफएस) के निदेशक डॉ. जीके गोस्वामी की पहल पर लखनऊ में विशेष साइबर सुरक्षा कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें शासन-प्रशासन, पुलिस, साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों, तकनीकी संस्थानों, शिक्षाविदों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने एक मंच पर आकर डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर की सुरक्षा पर विचार साझा किए।
गोमती नगर विस्तार स्थित यूपी-112 मुख्यालय के प्रज्ञा कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित इस कार्यशाला में सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग, डेटा सिक्योरिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (DSCI) और सिस्को सहयोगी संस्थाओं के रूप में शामिल हुए।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य सरकारी विभागों और महत्वपूर्ण डिजिटल प्रणालियों की सुरक्षा तैयारियों का आकलन करना, साइबर गवर्नेंस को मजबूत बनाना और उभरती तकनीकों से पैदा होने वाले खतरों से निपटने के लिए संस्थागत क्षमता विकसित करना रहा।

₹2,000 करोड़ के यूपी AI मिशन से बदलेगी तकनीक की तस्वीर
कार्यशाला में उत्तर प्रदेश सरकार के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने राज्य की तकनीकी योजनाओं और भविष्य की तैयारियों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मजबूत और भविष्य के लिए तैयार उत्तर प्रदेश के निर्माण में आधुनिक तकनीक की निर्णायक भूमिका होगी।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने ₹2,000 करोड़ के यूपी एआई मिशन को मंजूरी दी है। इस मिशन के तहत बच्चों के पोषण की निगरानी जैसी जनहित से जुड़ी समस्याओं के समाधान में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग किया जाएगा। साथ ही युवाओं को नई तकनीकों का प्रशिक्षण देने पर भी विशेष जोर रहेगा। उन्होंने तकनीकी विशेषज्ञों और संस्थाओं से मिशन के तहत अपने प्रस्ताव भेजने का आह्वान किया।
क्वांटम कंप्यूटिंग को लेकर उन्होंने बताया कि सरकार आईआईटी कानपुर के सहयोग से क्वांटम कंप्यूटर स्थापित करने की दिशा में प्रयास कर रही है। यूपीएसआईएफएस भी स्वदेशी क्वांटम कंप्यूटर लाने की पहल कर रहा है।
इसके अलावा ग्रामीण युवाओं तक तकनीक की पहुंच बढ़ाने के लिए 25 लाख टैबलेट वितरण, डेटा सेंटर के विस्तार और सरदार वल्लभभाई पटेल रोजगार एवं प्रशिक्षण योजना के तहत निजी कंपनियों को कौशल केंद्र स्थापित करने के लिए आमंत्रित करने की जानकारी भी दी गई।
एक गलत डेटा एंट्री से बच्चे का हक छिन सकता है : लीना जौहरी
महिला एवं बाल विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव लीना जौहरी ने तकनीक के इस्तेमाल में मानवीय संवेदनशीलता और डेटा की शुद्धता को सबसे महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि तकनीक की असली सफलता इस बात से तय होगी कि वह आम व्यक्ति का जीवन कितना आसान और सुरक्षित बनाती है। सरकारी सेवाओं में AI का इस्तेमाल बढ़ाते समय लाभार्थियों की निजता, गरिमा और भरोसे की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि संवेदनशील विभाग में एक गलत डेटा एंट्री किसी बच्चे को जरूरी पोषण सेवाओं से वंचित कर सकती है। इसी तरह उत्पीड़न की शिकायत करने वाली महिला की व्यक्तिगत जानकारी उजागर होने से उसकी सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। इसलिए तकनीकी कार्यकुशलता के साथ संवेदनशीलता और डेटा की शुद्धता भी जरूरी है।
तकनीक के साथ मानवीय समझ भी जरूरी
राज्य कर विभाग की प्रमुख सचिव कामिनी चौहान रतन ने कहा कि सरकारी व्यवस्था में तकनीक के साथ अधिकारियों का अनुभव और मानवीय समझ भी महत्वपूर्ण है। करदाताओं से संवाद और 'विभाग आपके द्वार' जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें साथ लेकर आगे बढ़ा जाएगा। इसका उद्देश्य बेहतर कर प्रशासन, सुशासन और करदाताओं की समस्याएं सुनते हुए नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करना है।
साइबर सुरक्षा में AI मददगार, लेकिन अंतिम फैसला इंसान का हो
पैनल चर्चा का संचालन करते हुए डॉ. हीरा लाल ने डिजिटल तकनीक में विश्वास, सुरक्षा और जवाबदेही के बीच संतुलन बनाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने अमेरिका में एयरलाइंस और बैंकों पर हुए साइबर हमलों का उदाहरण देते हुए कहा कि विकसित देश भी इन खतरों से पूरी तरह सुरक्षित नहीं हैं। हालांकि, साइबर खतरों के डर से डिजिटल तकनीक से दूरी बनाना विकास की रफ्तार को प्रभावित कर सकता है।
यूपी एटीएस के डीआईजी अभिषेक यादव ने कहा कि फर्जी डिजिटल पहचान और सोशल मीडिया से जुड़ी चुनौतियों से निपटने के लिए सरकारी एजेंसियों को आधुनिक तकनीक अपनानी होगी। AI लाखों डेटा का विश्लेषण कर जांच और कानून प्रवर्तन में मदद कर सकता है, लेकिन अंतिम निर्णय मानव अधिकारी का ही होना चाहिए। उन्होंने ट्रैफिक प्रबंधन में भी AI आधारित रियल टाइम डेटा विश्लेषण को उपयोगी बताया।
अस्पतालों और बैंकों में भी सेना की तर्ज पर होंगे साइबर सुरक्षा अभ्यास?
कर्नल शिखा मेहरोत्रा ने सरकारी अस्पतालों, बैंकों और सार्वजनिक कार्यालयों में सेना की तर्ज पर नियमित साइबर सुरक्षा अभ्यास और जांच कराने की आवश्यकता बताई। उनका कहना था कि साइबर हमले का इंतजार करने के बजाय पहले से ही सुरक्षा तैयारियां मजबूत होनी चाहिए।

वहीं, सिस्को इंडिया और दक्षिण एशिया के सीटीओ सिक्योरिटी एवं निदेशक संदीप अग्रवाल ने AI को साइबर सुरक्षा के लिए फोर्स मल्टीप्लायर बताया। उन्होंने आइडेंटिटी एवं एक्सेस मैनेजमेंट, सेगमेंटेशन और विजिबिलिटी को मजबूत साइबर सुरक्षा के तीन प्रमुख स्तंभ बताया। उनके अनुसार AI तकनीकी कमजोरियों की पहचान कर सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बना सकता है।
कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों और विशेषज्ञों ने रखे सुझाव
कार्यशाला के विशेष पैनल में श्रम एवं सेवायोजन (रोजगार) विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. आशीष कुमार गोयल, एमएसएमई विभाग के सचिव प्रांजल यादव, यूपी डेवलपमेंट सिस्टम्स कॉरपोरेशन लिमिटेड की प्रबंध निदेशक आकांक्षा राणा, उत्तर प्रदेश वन निगम के अपर प्रबंध निदेशक डॉ. सुजॉय बनर्जी और आयकर आयुक्त (अपील), लखनऊ डॉ. नील जैन ने भी अपने विचार रखे।
इसके अतिरिक्त डीआरआई लखनऊ जोन के एडीजी डॉ. विद्युत विकास, 35वीं वाहिनी पीएसी लखनऊ के कमांडेंट अमित कुमार, यूआईडीएआई क्षेत्रीय कार्यालय लखनऊ के निदेशक कर्नल (डॉ.) प्रवीण कुमार सिंह, डीएससीआई के अतुल कुमार और आईआईटी इलाहाबाद के प्रो. वृजेंद्र सिंह ने भी साइबर सुरक्षा और डिजिटल व्यवस्था को मजबूत बनाने से जुड़े सुझाव साझा किए।
कुल मिलाकर, इस कार्यशाला में यह स्पष्ट संदेश सामने आया कि उत्तर प्रदेश का डिजिटल भविष्य केवल नई तकनीक अपनाने से सुरक्षित नहीं होगा, बल्कि मजबूत डेटा संरक्षण, प्रशिक्षित मानव संसाधन, नियमित सुरक्षा परीक्षण और जवाबदेही तय करने से ही साइबर हमलों के खिलाफ प्रभावी सुरक्षा तंत्र तैयार किया जा सकेगा। अब चुनौती इन सुझावों को सरकारी विभागों की रोजमर्रा की कार्यप्रणाली में लागू करने की होगी।
COMMENTS