नामी ब्रांड की महिलाओं की पर्स चोरी का खुलासा, डिकॉय ऑपरेशन के जरिए तीन आरोपी गिरफ्तार, ₹4 लाख का माल बरामद।
दिल्ली के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की नबी करीम थाना पुलिस ने ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से जुड़ी एक संगठित चोरी की बड़ी साजिश का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में अंतरराष्ट्रीय ब्रांड “Exotic” की 152 महिलाओं की पर्स बरामद की गई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग ₹4 लाख बताई जा रही है।
6 फरवरी 2026 को थाना नबी करीम में एक नामी अंतरराष्ट्रीय ब्रांड की महिलाओं की पर्स बनाने वाली कंपनी के मालिक ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, पिछले एक महीने से उनके गोदाम से लगातार पर्स चोरी हो रही थीं। इस पर E-FIR संख्या 80010847/26 धारा 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआई विपुल तोमर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई, जिसमें हेड कांस्टेबल नीति और कांस्टेबल योगेंद्र शामिल थे। जांच SHO नबी करीम और ACP पहाड़गंज सब-डिवीजन की निगरानी में चली।

शुरुआती पूछताछ में गोदाम स्टाफ से कोई ठोस सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस शुरू किया और 100 से अधिक सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच की। एक सोशल मीडिया पेज पर “Exotic” ब्रांड की पर्स असामान्य रूप से कम दामों पर बिकती मिलीं।
पुलिस ने तुरंत डिकॉय कस्टमर ऑपरेशन चलाया और 50 पर्स का ऑर्डर दिया। डिलीवरी के समय छापेमारी कर 152 पर्स के साथ सत प्रकाश को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि Flipkart और Myntra के पिकअप बॉय गोदाम से थोक ऑर्डर उठाते समय हर बंडल से 2-3 पर्स चुरा लेते थे और रद्द ऑर्डर लौटाने के बजाय बेच देते थे। इसके बाद संतोष और राहुल, दोनों Flipkart पिकअप बॉय, को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है और बाकी चोरी हुए सामान की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
COMMENTS