दिल्ली के शाहदरा जिले में कॉलेज से लौट रही एक छात्रा से मोबाइल स्नैचिंग की घटना के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय स्नैचर गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से स्नैच किया गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है। मुख्य आरोपी पहले से 33 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।
दिल्ली के शाहदरा जिले में मोबाइल स्नैचिंग की एक गंभीर वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए अंतरराज्यीय स्नैचर गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के तहत शाहदरा जिले की एएसबी सेल ने “ऑपरेशन स्ट्रीट शील्ड” चलाकर मुख्य आरोपी सहित उसके सहयोगी को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से स्नैच किया गया सैमसंग मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई हीरो HF डीलक्स मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जुगल कुमार (30) और अमन कुमार (20) के रूप में हुई है। जुगल कुमार दिल्ली और उत्तर प्रदेश में कुल 33 आपराधिक मामलों में पहले से शामिल पाया गया है।
घटना कैसे हुई
यह घटना 25 फरवरी 2026 को उस समय हुई जब पीड़ित छात्रा अपने कॉलेज से ई-रिक्शा में बैठकर घर लौट रही थी। जब वह ताहिरपुर इलाके के पास पहुंची, तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उसके हाथ से मोबाइल फोन झपट लिया।
मोबाइल छीनने के दौरान छात्रा चलती ई-रिक्शा से गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। उसकी एक मित्र ने उसे तुरंत GTB अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में पीड़िता के बयान के आधार पर थाना सीमापुरी में FIR नंबर 108/26 के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने ऐसे पकड़े आरोपी
घटना की गंभीरता को देखते हुए शाहदरा पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। इस टीम में एएसआई राजकुमार, एएसआई सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल कुमार दिव्य वत्स, हेड कांस्टेबल सचिन कुमार और हेड कांस्टेबल नवदीप शामिल थे। टीम का नेतृत्व एसआई अजय तोमर (इंचार्ज, एएसबी सेल) ने किया, जबकि पूरी कार्रवाई की निगरानी एसीपी ऑपरेशन्स मोहिंदर सिंह के नेतृत्व में की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में साफ दिखाई दिया कि आरोपी काले रंग की हीरो HF डीलक्स मोटरसाइकिल पर आए थे और वारदात के बाद DLF मोड़, भोपुरा (गाजियाबाद, यूपी) की ओर फरार हो गए।
इसके बाद पुलिस ने ANPR कैमरों की मदद से बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर DL14SU ट्रेस कर लिया।
बाइक के मालिक से मिला अहम सुराग
जांच में पता चला कि यह मोटरसाइकिल सुंदर नगरी, दिल्ली निवासी उपासना के नाम पर रजिस्टर है। पुलिस ने जब उससे पूछताछ की तो शुरुआत में उसने टालमटोल किया, लेकिन बाद में उसने बताया कि बाइक उसके पति जुगल कुमार के पास थी।
उपासना ने पुलिस को यह भी बताया कि उसका पति एम्बुलेंस ड्राइवर है और अक्सर घर से बाहर रहता है।
तकनीकी जांच से मिला लोकेशन
पुलिस ने जुगल कुमार का मोबाइल नंबर लेकर तकनीकी जांच की। जांच में पता चला कि आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था और मोबाइल फोन बंद कर देता था ताकि पुलिस से बच सके।
काफी प्रयास के बाद पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस कर ली और छापेमारी कर जुगल कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद हुई।
पूछताछ में जुगल ने अपने साथियों के नाम अमन कुमार और मनीष बताए। इसके बाद पुलिस ने अमन कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से छात्रा का स्नैच किया गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया।
हालांकि तीसरा आरोपी मनीष, जो सुंदर नगरी के K-ब्लॉक का निवासी है, फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए स्नैचिंग और लूट की वारदात करते थे।
पुलिस के मुताबिक जुगल कुमार इस गिरोह का मुख्य सरगना है और वह 24 जनवरी 2026 को ही जेल से रिहा हुआ था। जेल से बाहर आते ही उसने फिर से आपराधिक गतिविधियां शुरू कर दीं।
जांच में यह भी सामने आया कि जुगल कुमार का 2024 में गाजियाबाद पुलिस के साथ एनकाउंटर भी हो चुका है।
पांच मामलों का हुआ खुलासा
इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने शाहदरा जिले के पांच स्नैचिंग मामलों का खुलासा किया है, जिनमें सीमापुरी, गीता कॉलोनी, आनंद विहार और GTB एन्क्लेव थाना क्षेत्र के केस शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपी मनीष की तलाश में छापेमारी कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।
COMMENTS