अर्हता तिथि 01.01.2026 आधारित विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने नागरिक सुविधा, समयबद्ध निस्तारण और व्यापक जागरूकता अभियान के निर्देश दिए।
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने जनपद भ्रमण के दौरान 01.01.2026 अर्हता तिथि पर आधारित विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण किया।

उन्होंने सेक्टर-119 स्थित मिलेनियम पब्लिक स्कूल के नोटिस सुनवाई केंद्र पर सुविधाओं, कार्यप्रणाली और शिकायत निस्तारण व्यवस्था का जायजा लिया तथा नागरिकों से सीधे संवाद कर समयबद्ध व संतोषजनक निस्तारण के निर्देश दिए। RWA व AOA प्रतिनिधियों से वार्ता कर उनके सहयोग की सराहना की।

उन्होंने शालीन व्यवहार, पारदर्शिता और संवेदनशीलता पर बल देते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी से संभव है। अधिकाधिक पंजीकरण हेतु जागरूकता कैंप लगाने के निर्देश दिए। जनपद में बूथ व सोसाइटी स्तर पर 114 विशेष कैंप आयोजित किए गए हैं। बीएलओ स्तर पर सुनवाई, वीडियो कॉल वेरिफिकेशन और सॉफ्ट कॉपी आईडी चेक जैसी पहल की जानकारी भी दी गई।

पंचशील बालक इंटर कॉलेज, सेक्टर-91 में विधानसभा 61-नोएडा, 62-दादरी व 63-जेवर के बीएलओ-सुपरवाइजरों से संवाद कर नए पंजीकरण, नाम संशोधन, स्थानांतरण व विलोपन कार्य की समीक्षा की गई। उन्होंने त्रुटिरहित मतदाता सूची सुनिश्चित करने, फार्म-6 व मैपिंग के लिए आवश्यकतानुसार कैंप लगाने के निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने घर-घर सत्यापन व जनजागरूकता गतिविधियों की जानकारी दी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने SIR प्रगति पर संतोष जताते हुए 243 उत्कृष्ट बीएलओ को प्रशस्ति पत्र व ओडीओपी उपहार से सम्मानित किया। कार्यक्रम में एसीईओ नोएडा वंदना त्रिपाठी, एसडीएम सदर आशुतोष गुप्ता, एसडीएम दादरी अनुज नेहरा सहित अधिकारी उपस्थित रहे।
COMMENTS