फार्मर रजिस्ट्री पूरी न होने पर हजारों किसानों की पीएम किसान सम्मान निधि रुकने की आशंका, प्रशासन ने दिए सख्त निर्देश।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना एवं फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी प्रशासन की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद स्तर पर फार्मर रजिस्ट्री की वर्तमान स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई और लक्ष्य पूर्ति के लिए रणनीति तय की गई।
बैठक में उप कृषि निदेशक राजीव कुमार ने जानकारी दी कि यदि फार्मर रजिस्ट्री समय से पूरी नहीं कराई गई तो जनपद के 16,769 किसानों की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि शीघ्र ही रुक सकती है। उन्होंने बताया कि जनपद में कुल 48,112 पीएम किसान निधि लाभार्थी हैं, जिनमें से अब तक 28,597 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूरी की जा चुकी है।

शेष किसानों को जागरूक करने के लिए कृषि, राजस्व, विकास एवं सहकारिता विभाग के संयुक्त प्रयासों से इस अभियान को मिशन मोड में संचालित किया जा रहा है। विभागीय कार्मिक गांव-गांव जाकर प्रचार-प्रसार कर रहे हैं, ताकि कोई भी पात्र किसान योजना से वंचित न रह जाए।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को फार्मर रजिस्ट्री से जुड़े लाभों—जैसे फसली ऋण, फसल बीमा, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) ऋण—के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी ग्रामों में विशेष प्रयास कर शत-प्रतिशत फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित की जाए, ताकि अधिकतम किसानों को शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके।

बैठक में उप जिलाधिकारी जेवर अभय सिंह, उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, उप जिलाधिकारी दादरी अनुज नेहरा, जिला कृषि अधिकारी विवेक दुबे सहित राजस्व, पंचायत एवं कृषि विभाग के सभी संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
COMMENTS