ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र में कार दुर्घटना के मामले में पुलिस ने गोली चलने की अफवाहों को खारिज करते हुए बोलेरो चालक को गिरफ्तार किया है।
ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक तृतीय क्षेत्र में हुई एक सड़क दुर्घटना को लेकर फैली अफवाहों पर अब पुलिस ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। यह घटना दिनांक 4/5 फरवरी 2026 की रात की है, जब शिवम ठाकुर अपनी ग्रैंड विटारा कार (रजिस्ट्रेशन नंबर यूपी 16 ईजे 5845) से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही सफेद रंग की बोलेरो गाड़ी ने उनकी कार में टक्कर मार दी।
घटना के बाद वादी शिवम ठाकुर द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना ईकोटेक तृतीय पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान बोलेरो वाहन (रजिस्ट्रेशन नंबर यूपी 16 डीबी 5873) की पहचान की गई और उसके चालक दीपक पुत्र वीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी दीपक, उम्र लगभग 26 वर्ष, ग्राम कुलेसरा, मधुबन बिहार कॉलोनी का निवासी है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि वादी शिवम ठाकुर और आरोपी दीपक दोनों एक ही कॉलोनी में रहते हैं और आपस में पड़ोसी हैं। दोनों के बीच किसी प्रकार का पूर्व विवाद नहीं पाया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान गोली चलने जैसी कोई भी बात सामने नहीं आई है और इस संबंध में फैलाई जा रही अफवाहें निराधार हैं। फिलहाल मामले में आगे की आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जा रही है।
COMMENTS