दिल्ली भाजपा द्वारा केंद्र और दिल्ली सरकार की उपलब्धियों को लेकर चलाया गया तीन दिवसीय घर-घर संपर्क अभियान शनिवार को संपन्न हो गया। प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता लगभग 12.50 लाख परिवारों और 1348 विशिष्ट नागरिकों तक पहुंचे। अभियान में सांसदों, विधायकों, पार्षदों और वरिष्ठ नेताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
दिल्ली भाजपा द्वारा केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों तथा दिल्ली में भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यों को जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाया गया तीन दिवसीय घर-घर संपर्क अभियान शनिवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस अभियान के तहत भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लाखों परिवारों से संवाद स्थापित किया और सरकारों की उपलब्धियों से संबंधित पत्रक वितरित किए।

दिल्ली भाजपा के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान पार्टी के नेता और कार्यकर्ता लगभग 12.50 लाख परिवारों तक पहुंचे। वहीं, विशेष जनसंपर्क कार्यक्रम के तहत 1348 प्रबुद्ध और विशिष्ट नागरिकों से भी संपर्क कर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी साझा की गई।
अभियान के अंतिम दिन कई वरिष्ठ नेता मैदान में उतरे
अभियान के अंतिम दिन दिल्ली भाजपा के संगठन महामंत्री पवन राणा ने गांधी मार्केट और दीनदयाल उपाध्याय मार्ग क्षेत्र में घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने केंद्र और दिल्ली सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा की और नागरिकों से संवाद स्थापित किया। उनके साथ दिल्ली भाजपा के सह कार्यालय मंत्री अमित गुप्ता तथा स्थानीय कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने दिल्ली गेट वार्ड की समितियों 115 और 116 में स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ घर-घर संपर्क अभियान चलाया। उन्होंने लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी।

प्रवीन खंडेलवाल ने कवि सुरेंद्र शर्मा से की मुलाकात
चांदनी चौक से सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने चांदनी चौक विधानसभा क्षेत्र के सिविल लाइन वार्ड में अभियान चलाते हुए क्षेत्र के प्रसिद्ध कवि सुरेंद्र शर्मा से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने केंद्र और दिल्ली सरकार की उपलब्धियों पर विस्तृत चर्चा की।
वहीं उत्तर-पूर्व दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी ने बाबरपुर विधानसभा क्षेत्र के गोरख पार्क में स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों तक सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाया।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेताओं ने भी संभाली कमान
दिल्ली भाजपा के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने मयूर विहार फेज-1 में जनसंपर्क अभियान के दौरान केंद्र सरकार की उपलब्धियों से संबंधित पत्रक वितरित किए।
प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल ने प्रीत विहार मंडल में कार्यकर्ताओं के साथ घर-घर जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी।
प्रदेश महामंत्री एवं सांसद योगेन्द्र चांदोलिया ने नरेला के बख्तावरपुर क्षेत्र में अभियान को आगे बढ़ाया। उनके साथ विधायक राजकरण खत्री और निगम पार्षद सुमित चौहान भी मौजूद रहे।
इसी प्रकार प्रदेश महामंत्री एवं सांसद कमलजीत सहरावत ने विधायक प्रद्युम्न राजपूत के साथ द्वारका विधानसभा क्षेत्र के सागरपुर में घर-घर संपर्क कर लोगों को सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराया।
विधायकों और पदाधिकारियों ने भी निभाई सक्रिय भूमिका
दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट ने शिव विहार क्षेत्र के पोलिंग बूथ संख्या 63 पर पत्रक वितरित किए। वहीं दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने ग्रीन पार्क मार्केट क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान को गति दी।

दिल्ली सरकार की पब्लिक अकाउंट कमेटी के अध्यक्ष अजय महावर ने यमुना विहार और भजनपुरा क्षेत्र में घर-घर जाकर लोगों को केंद्र सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी और पत्रक वितरित किए।
इसके अलावा अनेक विधायक, पार्षद, जिला पदाधिकारी और हजारों कार्यकर्ता अभियान के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय रहे।
भाजपा ने अभियान को बताया ऐतिहासिक
अभियान के संयोजक, विधायक और दिल्ली भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राज कुमार भाटिया ने कहा कि तीन दिनों तक चले इस विशेष जनसंपर्क अभियान को जनता का व्यापक समर्थन मिला।
उन्होंने बताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के लगभग सभी विधानसभा क्षेत्रों, वार्डों और बूथों तक पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद स्थापित किया। अभियान का उद्देश्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी सीधे जनता तक पहुंचाना था, ताकि नागरिक विकास कार्यों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों से अवगत हो सकें।

राज कुमार भाटिया ने बताया कि जहां एक ओर लगभग 12.50 लाख परिवारों तक पहुंच बनाई गई, वहीं दूसरी ओर विशिष्ट जनसंपर्क अभियान के तहत प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, सांसदों और वरिष्ठ नेताओं ने 1348 प्रबुद्ध नागरिकों से भी मुलाकात कर सरकार की नीतियों और विकास कार्यों पर चर्चा की।
जनता के बीच सरकार की उपलब्धियों को ले जाने का प्रयास
भाजपा नेताओं का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य केवल पत्रक वितरण नहीं था, बल्कि जनता से संवाद स्थापित करना और उनकी प्रतिक्रिया जानना भी था। पार्टी का मानना है कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और दिल्ली में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी सीधे नागरिकों तक पहुंचाने से सरकार और जनता के बीच संवाद मजबूत होगा।
तीन दिनों तक चले इस अभियान के समापन के साथ भाजपा ने इसे संगठनात्मक दृष्टि से सफल बताते हुए आने वाले समय में भी इसी प्रकार के जनसंपर्क कार्यक्रम जारी रखने के संकेत दिए हैं।
COMMENTS