कोपेनहेगन में 28 सितम्बर 2025 को "विकसित भारत रन" का आयोजन हुआ। उत्तर प्रदेश के उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, कोपेनहेगन के मेयर एलन एस. एंडरसन और भारत के राजदूत मनीष प्रभात ने रन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रवासी भारतीय समुदाय, छात्रों और पेशेवरों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाया।
भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय और भारतीय दूतावास, कोपेनहेगन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को “विकसित भारत रन 2025” का भव्य आयोजन हुआ।
इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिनेश प्रताप सिंह, कोपेनहेगन नगर के मेयर एलन एस. एंडरसन और भारत के राजदूत मनीष प्रभात ने संयुक्त रूप से धावकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
करीब 200 धावकों और 20 से अधिक सामुदायिक संगठनों ने इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रवासी भारतीय समुदाय, स्थानीय नागरिकों, छात्र-छात्राओं और विभिन्न पेशेवरों की उपस्थिति ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।

मंत्री दिनेश प्रताप सिंह का संबोधन
अपने संबोधन में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “विकसित भारत @2047” के संकल्प पर प्रकाश डालते हुए प्रवासी भारतीयों को इसमें सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रतिभागियों को विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत संकल्प की शपथ भी दिलाई।
प्रदर्शनी का आकर्षण
कार्यक्रम के साथ-साथ “वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP)” और “Tribes India” की प्रदर्शनी भी आयोजित हुई। प्रवासी भारतीय समुदाय और स्थानीय नागरिकों ने इन प्रदर्शनों को बेहद सराहा। इन प्रदर्शनी ने भारत की स्वदेशी भावना, आत्मनिर्भरता और सांस्कृतिक धरोहर का मजबूत संदेश दिया।

प्रवासी भारतीयों से मुलाकात
कोपेनहेगन प्रवास के दौरान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने हिंदू स्वयंसेवक संघ (HSS) डेनमार्क के वरिष्ठ प्रचारक रमेश भारद्वाज से उनके आवास पर मुलाकात की। इस अवसर पर भारतीय संस्कृति, प्रवासी भारतीयों की भूमिका और वैश्विक स्तर पर भारत की पहचान पर सार्थक चर्चा हुई।

वैश्विक आयोजन की झलक
“विकसित भारत रन” सेवा पखवाड़ा (17 सितम्बर से 2 अक्टूबर) के अंतर्गत आयोजित हुआ। इसका उद्देश्य फिटनेस, सेवा भावना और सतत विकास का संदेश देना था। इस आयोजन ने “वसुधैव कुटुम्बकम” की भावना को और अधिक सशक्त किया।
खास बात यह रही कि विश्वभर के 150 से अधिक स्थानों पर भारतीय समुदाय ने एकसाथ रन आयोजित कर भारत की वैश्विक भूमिका और सामूहिक संकल्प को प्रदर्शित किया।
COMMENTS