उत्तराखंड के पंचूर गांव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मानवीय और भावनात्मक रूप देखने को मिला, जहां बच्चों-बुजुर्गों से उनका आत्मीय संवाद लोगों को भाव-विभोर कर गया।
उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अपने पैतृक गांव पंचूर में रात्रि विश्राम कर एक बार फिर अपने सादगीपूर्ण और मानवीय व्यक्तित्व का परिचय दिया। शनिवार सुबह मुख्यमंत्री गांव में निकले और सबसे पहले बड़े-बुजुर्गों से मिलकर उनका हालचाल जाना। इसके बाद बच्चों के बीच पहुंचते ही मुख्यमंत्री योगी का बालप्रेम उमड़ पड़ा।
गांव के बच्चों से आत्मीय बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें चॉकलेट और खाने का सामान दिया। एक बच्चे को उन्होंने अपनी गोद में बैठाकर प्रेम से दुलार किया। बच्चों ने भी सहज भाव से मुख्यमंत्री से बातचीत की। इस दौरान गांव में उत्साह का माहौल रहा और ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी लेकर इस पल को यादगार बना लिया।
भ्रमण के दौरान एक भावुक दृश्य तब देखने को मिला, जब एक बच्चे ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को फूल भेंट किए। मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए उस मासूम को खाने का सामान दिया, जिसे बच्चे ने पास खड़े अपने दादा को सौंप दिया। इस पर मुख्यमंत्री ने प्यार भरे शब्दों में कहा—
“हम भी तेरे दादा लगते हैं।”
यह संवाद वहां मौजूद लोगों के लिए भावनात्मक क्षण बन गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गांव में अपने परिजनों से भी मुलाकात की और सभी का कुशलक्षेम जाना। उनकी विनम्रता, सरलता और आत्मीय व्यवहार ने स्थानीय लोगों को भाव-विभोर कर दिया। गांव भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को अपने गांव में रहने, खेती-बाड़ी करने और पहाड़ की परंपराओं को जीवित रखने के लिए प्रेरित किया।
यह दौरा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस जुड़ाव को दर्शाता है, जो सत्ता से नहीं, बल्कि जड़ों से जुड़ा है।
COMMENTS