दिल्ली-NCR में रातभर हुई मूसलधार बारिश से सड़कों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई है। IMD ने अगले 7 दिनों तक गरज-चमक और बारिश का अलर्ट जारी किया है। जानिए किन इलाकों में सबसे ज्यादा असर।
दिल्ली और एनसीआर में बुधवार रात 10 बजे के बाद से लगातार मूसलधार बारिश हो रही है, जिससे कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति पैदा हो गई है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले घंटों में और तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही अगले 7 दिनों तक राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

बारिश का सबसे ज्यादा असर दिल्ली के मयूर विहार, आईटीओ, मंडी हाउस, लक्ष्मी नगर, पटेल नगर, मथुरा रोड, बदरपुर और दक्षिणी दिल्ली के इलाकों में देखने को मिला, जहां सड़कों पर पानी भरने से लोगों की आवाजाही मुश्किल हो गई। वहीं, नोएडा के सेक्टर-12, 16, 62 और 18 समेत कई इलाकों में जलभराव के चलते ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

भारी बारिश ने जहां गर्मी और उमस से राहत दी है, वहीं जलजमाव और ट्रैफिक जाम ने लोगों की परेशानी भी बढ़ा दी है। मेट्रो स्टेशन के बाहर और प्रमुख सड़कों पर जलभराव के चलते दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। IMD ने सुझाव दिया है कि नागरिक बेवजह घर से बाहर निकलने से बचें, जलभराव वाले मार्गों से दूरी बनाए रखें और मौसम संबंधित अपडेट पर नजर बनाए रखें।
COMMENTS