नोएडा के सेक्टर-135 यमुना डूब क्षेत्र में मिले शव के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। थाना एक्सप्रेस-वे पुलिस ने मृतक के बेटे को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त लोहे की भारी पिन बरामद की है
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का सफल खुलासा करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। थाना एक्सप्रेस-वे पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और साक्ष्य संकलन के आधार पर इस मामले की गुत्थी सुलझाई और हत्या में प्रयुक्त लोहे की भारी ठोस पिन भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 6 मार्च 2026 को थाना एक्सप्रेस-वे पुलिस ने सतेन्द्र कुमार पुत्र राकेश को छपरौली लेबर चौक, सेक्टर-168 नोएडा से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की भारी ठोस पिन बरामद की गई।
ऐसे सामने आया था मामला
पुलिस को 1 मार्च 2026 को सूचना मिली थी कि थाना एक्सप्रेस-वे क्षेत्र के यमुना डूब क्षेत्र, सेक्टर-135 में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच में मृतक की पहचान राकेश कुमार पुत्र गिंदर, निवासी जरीफनगर बदायूं, वर्तमान पता यमुना डूब क्षेत्र सेक्टर-135 नोएडा के रूप में हुई। इसके बाद थाना एक्सप्रेस-वे में मामला दर्ज कर पुलिस ने हत्या के खुलासे के लिए टीमों का गठन किया।
पैसों के विवाद ने लिया खौफनाक रूप
पूछताछ के दौरान आरोपी सतेन्द्र कुमार ने बताया कि उसके और उसके पिता के बीच वाहन की किस्त के पैसों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी वजह से दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था।
आरोपी के मुताबिक 28 फरवरी 2026 की रात गुस्से में आकर उसने लोहे के हुक से अपने पिता राकेश पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी सतेन्द्र कुमार (22 वर्ष) ग्राम जरीफनगर दुर्गपुर, थाना जरीफनगर, जिला बदायूं का रहने वाला है और वर्तमान में यमुना डूब क्षेत्र सेक्टर-135 नोएडा में रह रहा था।
इस मामले में थाना एक्सप्रेस-वे में मुकदमा अपराध संख्या 039/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
COMMENTS