नोएडा के सेक्टर-75 स्थित आईवी काउंटी सोसायटी में होली के दिन प्रॉपर्टी डीलर साहिल सिंघल की पत्नी के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में नया मोड़ आया है। मृतक की मां की शिकायत पर पुलिस ने साहिल की प्रेमिका प्रिया और उसके भाई निखिल ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है।
नोएडा के सेक्टर-75 स्थित आईवी काउंटी सोसायटी में होली के दिन हुई प्रॉपर्टी डीलर साहिल सिंघल की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। इस सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने मृतक की प्रेमिका प्रिया और उसके भाई निखिल ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि यह हत्या प्रेम संबंध और शादी के दबाव को लेकर हुए विवाद के बाद की गई।
यह घटना 4 मार्च को होली के दिन हुई थी, जब साहिल सिंघल अपनी पत्नी के साथ सोसायटी में नीचे होली खेल रहे थे। उसी दौरान आरोपियों ने वहां पहुंचकर विवाद के बाद साहिल को गोली मार दी। गोली लगने के बाद साहिल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
क्या है पूरा मामला
मृतक साहिल सिंघल मूल रूप से गौतमबुद्ध नगर के सोरखा गांव के रहने वाले थे। वह नोएडा के सेक्टर-75 स्थित आईवी काउंटी सोसायटी में अपने परिवार के साथ रहते थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी और दो बच्चे हैं।
जानकारी के मुताबिक, करीब चार साल पहले साहिल की मुलाकात गाजियाबाद के विष्णु एन्क्लेव में रहने वाली प्रिया नाम की महिला से हुई थी। उस समय प्रिया कोको काउंटी में काम करती थी। इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे यह रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया।

बताया जा रहा है कि प्रिया और उसका परिवार साहिल पर लगातार दबाव बना रहे थे कि वह अपनी पत्नी को तलाक देकर प्रिया से शादी कर ले। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था।
होली मिलने के बहाने सोसायटी पहुंचे आरोपी
पुलिस के अनुसार, होली के दिन प्रिया अपने भाई निखिल ठाकुर, लोकेश उर्फ लब्बू ठाकुर और एक अन्य व्यक्ति के साथ कार से आईवी काउंटी सोसायटी पहुंची थी। चारों सीधे साहिल के फ्लैट पर पहुंचे।
फ्लैट पर पहुंचने पर उन्हें साहिल की मां सीमा सिंघल मिलीं। उन्होंने इन लोगों को फ्लैट में घुसने से रोक दिया। जब आरोपियों को पता चला कि साहिल अपनी पत्नी के साथ सोसायटी के नीचे होली खेल रहा है, तो सभी लोग सीधे वहीं पहुंच गए।
विवाद के बाद चली गोली
सोसायटी में नीचे पहुंचने के बाद साहिल और आरोपियों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर निखिल ठाकुर ने साहिल सिंघल पर गोली चला दी।
गोली लगते ही साहिल जमीन पर गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने दर्ज किया केस
इस घटना के बाद मृतक की मां सीमा सिंघल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उनकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने निखिल ठाकुर, प्रिया, लोकेश उर्फ लब्बू ठाकुर और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रिया और निखिल ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस सनसनीखेज हत्या ने पूरे नोएडा शहर को हिला कर रख दिया है। होली जैसे खुशियों के त्योहार के बीच हुई इस वारदात ने लोगों को स्तब्ध कर दिया है।
COMMENTS