दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने न्यू अशोक नगर में एनकाउंटर कर लॉरेंस गैंग के दो बदमाशों को पकड़ा। फायरिंग के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी। गिरफ्तार गुर्गे हैरी बॉक्सर गैंग से जुड़े हैं।
राजधानी दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में गुरुवार सुबह पुलिस और लॉरेंस गैंग के बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। स्पेशल सेल की कार्रवाई में गैंगस्टर हैरी बॉक्सर के दो सहयोगी कार्तिक जाखड़ और कविश को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान कार्तिक जाखड़ के पैर में गोली लगी है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को इलाके में बदमाशों की गतिविधियों की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद स्पेशल सेल ने न्यू अशोक नगर में जाल बिछाया। जैसे ही पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी और दोनों को मौके पर दबोच लिया गया।
गिरफ्तार बदमाश गैंगस्टर हैरी बॉक्सर के गुर्गे बताए जा रहे हैं, जिनके खिलाफ आधा दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। हैरी बॉक्सर अमेरिका में सक्रिय है और लॉरेंस गैंग के साथ उसके करीबी संबंध माने जाते हैं।

फिलहाल घायल आरोपी का इलाज कराया जा रहा है और दोनों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के खिलाफ और भी आपराधिक गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
COMMENTS