एम/एस एएम ग्रुप और ‘इन्वेस्ट यूपी’ के बीच MoU साइन। 1 GW HPC एवं AI हब में 5 लाख अत्याधुनिक चिपसेट्स, 24×7 कार्बन-फ्री ऊर्जा और हजारों उच्च-कुशल रोजगार का सृजन।
ऊर्जा संक्रमण और प्रौद्योगिकी क्षेत्र की अग्रणी कंपनी एम/एस एएम ग्रुप—जो ग्रीनको ग्रुप के संस्थापकों द्वारा समर्थित है—ने उत्तर प्रदेश सरकार की निवेश प्रोत्साहन एजेंसी ‘इन्वेस्ट यूपी’ के साथ 1 गीगावॉट (GW) हाई परफॉर्मेंस कंप्यूट (HPC) एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) हब की स्थापना के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं।
यह अत्याधुनिक एआई इंफ्रास्ट्रक्चर यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र में स्थापित होगा। परियोजना के लिए सेक्टर 28 एवं 8D में 289 एकड़ भूमि का लेटर ऑफ इंटेंट (LOI) जारी किया गया है। कुल निवेश लगभग 25 बिलियन अमेरिकी डॉलर का होगा।

परियोजना को चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा—2028 तक प्रथम चरण का संचालन शुरू होगा, जबकि 2030 तक पूर्ण 1 GW क्षमता हासिल करने का लक्ष्य है। इस हब में लगभग 5 लाख अत्याधुनिक हाई-परफॉर्मेंस चिपसेट्स स्थापित किए जाएंगे और यह 24×7 कार्बन-फ्री ऊर्जा से संचालित हरित डेटा सेंटर होगा।
यह निवेश न केवल बड़े पैमाने पर विदेशी प्रत्यक्ष निवेश (FDI) आकर्षित करेगा, बल्कि हजारों उच्च-कुशल रोजगार भी सृजित करेगा। पहल उत्तर प्रदेश को भारत का प्रमुख एआई एवं डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर हब बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम मानी जा रही है।
COMMENTS