ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने भनौता गांव में अवैध निर्माण पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बुल्डोजर चलाया और कॉलोनाइजरों की प्लॉटिंग योजना पर रोक लगा दी।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अधिसूचित ग्राम भनौता में अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने खसरा संख्या 135 की जमीन पर किए गए अवैध निर्माण को बुल्डोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई में करीब 10,000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 20 करोड़ रुपये आंकी गई है।

यह कार्रवाई ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एनजी रवि कुमार के निर्देश पर परियोजना विभाग की वर्क सर्किल-2 की टीम द्वारा की गई। मौके पर पाया गया कि कॉलोनाइजर बिना किसी वैधानिक अनुमति के बाउंड्री कर प्लॉटिंग करने की कोशिश कर रहे थे और अवैध कॉलोनी बसाने की फिराक में थे।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति या बिना नक्शा पास कराए किए गए किसी भी प्रकार के निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में प्राधिकरण की ओर से लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम जनता से अपील की कि ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त करें, ताकि अवैध कॉलोनियों में अपनी गाढ़ी कमाई फंसने से बच सकें।

महाप्रबंधक परियोजना एके सिंह ने बताया कि भनौता के खसरा संख्या 135 की जमीन पर अवैध निर्माण की शिकायत प्राप्त हुई थी। जांच के बाद वर्क सर्किल-2 की टीम ने प्राधिकरण के सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। साथ ही दोबारा निर्माण किए जाने की स्थिति में सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
COMMENTS