सर्दी के साथ कोहरे और धुंध का असर बढ़ने लगा है। सड़क हादसों की आशंका को देखते हुए यमुना एक्सप्रेसवे पर 25 नवंबर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक अधिकतम गति सीमा 100 से घटाकर 75 किलोमीटर प्रति घंटा करने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही यात्रियों की सुरक्षा के लिए सात बिंदुओं पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
सर्दियों में यमुना एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए अहम बदलाव होने जा रहा है। कोहरे और धुंध के कारण सड़क पर दृश्यता कम होने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। इसी आशंका को देखते हुए यमुना एक्सप्रेसवे पर वाहनों की अधिकतम गति सीमा घटाने का फैसला लिया गया है। अब 25 नवंबर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक अधिकतम 100 किलोमीटर प्रति घंटे की गति सीमा वाले वाहनों को 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ही चलना होगा।
प्राधिकरण की ओर से जारी निर्देशों में कंसेशनायर मेसर्स जेपी इन्फ्राटेक लिमिटेड को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा गया है। निर्देश में बताया गया है कि पिछले वर्ष भी 15 दिसंबर 2025 से 15 फरवरी 2026 तक यमुना एक्सप्रेसवे पर गति सीमा घटाने की व्यवस्था लागू थी। लेकिन इस बार कोहरा पहले ही शुरू हो चुका है। उत्तर प्रदेश के अन्य एक्सप्रेसवे पर भी कोहरे और धुंध को देखते हुए गति सीमा कम की जा चुकी है। इसी सड़क सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यमुना एक्सप्रेसवे पर भी यह कदम उठाया गया है।
100 से घटकर 75 किलोमीटर प्रति घंटा होगी अधिकतम रफ्तार
निर्देश के पहले बिंदु के अनुसार, जिन वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित है, उनकी गति सीमा घटाकर 75 किलोमीटर प्रति घंटा की जाएगी। यह व्यवस्था 25 नवंबर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक प्रभावी रहेगी। इसके लिए एक्सप्रेसवे पर जगह-जगह नई गति सीमा के बोर्ड लगाने और इस बदलाव की सूचना समाचार पत्रों में प्रकाशित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
यानी एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले वाहन चालकों को अब अपनी रफ्तार पर विशेष ध्यान देना होगा। कोहरे के दौरान तेज गति से वाहन चलाना न केवल चालक बल्कि अन्य यात्रियों के लिए भी जोखिम पैदा कर सकता है।
टोल प्लाजा से रेडियो FM तक चलेगा जागरूकता अभियान
सिर्फ गति सीमा कम करना ही पर्याप्त नहीं माना गया है। निर्देशों में कोहरे के दौरान सुरक्षित ड्राइविंग के उपायों को यात्रियों तक पहुंचाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की बात कही गई है।
इसके तहत यमुना एक्सप्रेसवे के एंट्री और एग्जिट पॉइंट, टोल प्लाजा तथा रोड साइड फैसिलिटीज पर सुरक्षित यात्रा से संबंधित पैम्फलेट बांटे जाएंगे। सभी टोल प्लाजा पर पब्लिक एड्रेस (PA) सिस्टम के माध्यम से लगातार अनाउंसमेंट कराने की व्यवस्था भी की जाएगी।
इसके अलावा पैम्फलेट में दिए गए कोहरे के दौरान ड्राइविंग संबंधी निर्देशों और सावधानियों को सर्दी के मौसम में रेडियो FM के माध्यम से प्रसारित कराने का निर्देश है। एक्सप्रेसवे के एंट्री-एग्जिट पॉइंट, टोल प्लाजा और रोड साइड फैसिलिटीज पर बड़े-बड़े डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे, ताकि वाहन चालकों को सुरक्षित यात्रा के उपाय आसानी से दिखाई दें। इन जानकारियों को अखबारों में भी प्रकाशित कराया जाएगा।

वीकेंड और छुट्टियों में टोल पर नहीं होनी चाहिए परेशानी
निर्देशों में शनिवार, रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिनों में बढ़ने वाले यातायात को भी ध्यान में रखा गया है। इन दिनों यमुना एक्सप्रेसवे पर वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है। ऐसे में टोल प्लाजा के बूथों पर टोल टैक्स से संबंधित किसी भी तरह की समस्या से वाहन चालकों को बचाने के लिए प्रभावी व्यवस्था करने को कहा गया है।
इसका उद्देश्य यह है कि अधिक यातायात के समय टोल बूथों पर अनावश्यक परेशानी न हो और वाहन सुचारु रूप से गुजर सकें।
खराब रिफ्लेक्टिव टेप और अंधेरे पर भी उठे सवाल
प्राधिकरण के निर्देशों में यमुना एक्सप्रेसवे पर लगी रिफ्लेक्टिव टेप की स्थिति को लेकर भी चिंता जताई गई है। पत्र के मुताबिक, एक्सप्रेसवे पर लगी अधिकतर रिफ्लेक्टिव टेप का साइन और रिफ्लेक्शन काफी कम हो गया है। इसके कारण रात के समय सड़क पर अंधेरा बना रहता है और दुर्घटना होने की आशंका बढ़ सकती है।
इसी को देखते हुए एक्सप्रेसवे पर तत्काल रिफ्लेक्टिव टेप लगाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यमुना एक्सप्रेसवे के एंट्री और एग्जिट पॉइंट पर फॉग लाइट लगाने को भी कहा गया है, ताकि कोहरे और कम दृश्यता के दौरान वाहन चालकों को बेहतर संकेत और सुरक्षा मिल सके।
पहले जारी निर्देशों का भी करना होगा पालन
सड़क सुरक्षा से जुड़े पहले जारी निर्देशों को भी दोबारा लागू कराने पर जोर दिया गया है। कंसेशनायर को कोहरे और धुंध के दौरान वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए समय-समय पर दिए गए पुराने निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है।
इसके अलावा प्राधिकरण के पत्र संख्या वाईईए/जीएम (वाईईपी)/78/एफ-55/2025/वॉल्यूम-13, दिनांक 18 दिसंबर 2025 और पत्र संख्या वाईईए/जीएम (वाईईपी)/1622/एफ-55/जीएम (परियोजना)/2025/वॉल्यूम-13, दिनांक 5 जनवरी 2026 में दिए गए निर्देशों का पालन कराने को भी कहा गया है।
प्राधिकरण ने अपने पत्र संख्या वाईईए/जीएम (वाईईपी)/74/एफ-55/2025/वॉल्यूम-12, दिनांक 11 दिसंबर 2025 में कोहरे और धुंध से संबंधित बिंदुओं पर पहले ही कार्रवाई के निर्देश दिए थे। अब उन बिंदुओं पर वर्तमान में भी कार्रवाई जारी रखने और किए गए कार्यों की जानकारी प्राधिकरण को उपलब्ध कराने को कहा गया है।
अब निगरानी और अमल पर रहेगी नजर
यमुना एक्सप्रेसवे पर हर दिन बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। ऐसे में सर्दियों के दौरान कम दृश्यता और तेज रफ्तार का मेल गंभीर हादसों की वजह बन सकता है। गति सीमा में बदलाव, रिफ्लेक्टिव टेप की मरम्मत, फॉग लाइट, टोल प्लाजा पर अनाउंसमेंट और जागरूकता अभियान जैसे निर्देशों का मकसद यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
अब सबसे अहम सवाल यह होगा कि जेपी इन्फ्राटेक लिमिटेड इन सातों बिंदुओं पर तय समय के भीतर कितनी प्रभावी कार्रवाई करता है और क्या कोहरे के मौसम में यमुना एक्सप्रेसवे पर सफर पहले से अधिक सुरक्षित बन पाएगा।
COMMENTS