यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 के पहले दिन मंत्री गुलाब देवी ने लखनऊ में निरीक्षण किया। 53 लाख से अधिक परीक्षार्थी, 8033 केंद्र, लाइव मॉनिटरिंग और STF सतर्क।
यूपी बोर्ड 2026 की परीक्षाएँ 18 फरवरी से शुरू, 12 मार्च तक चलेंगी; लाइव मॉनिटरिंग, STF सतर्क, 18 जिले संवेदनशील घोषित।
लखनऊ। माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) Gulab Devi ने यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 के प्रथम दिवस 18 फरवरी को लखनऊ स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, विक्रमादित्य मार्ग (सेन्टर कोड-341874) का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्राओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया, टीका-चंदन लगाकर पेड़ा खिलाया और शांत मन से उत्कृष्ट प्रदर्शन का आशीर्वाद दिया।

प्रदेशभर में 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाएँ आयोजित की जा रही हैं। प्रथम पाली (सुबह 8:30 से 11:45) में हाईस्कूल हिन्दी व प्रारम्भिक हिन्दी की परीक्षा 8033 केंद्रों पर हुई, जिसमें 27,54,376 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। द्वितीय पाली (दोपहर 2:00 से 5:15) में इंटरमीडिएट हिन्दी एवं सामान्य हिन्दी की परीक्षा 7,998 केंद्रों पर सम्पन्न हुई, जिसमें 24,99,370 परीक्षार्थी शामिल हुए।
कुल 53,37,778 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं—हाईस्कूल 27,61,696 एवं इंटरमीडिएट 25,76,082। प्रदेश में 8033 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें 596 राजकीय, 3453 सहायता प्राप्त और 3984 स्ववित्तपोषित विद्यालय शामिल हैं। 18 जनपद संवेदनशील घोषित किए गए हैं; 222 केंद्र अति संवेदनशील और 683 संवेदनशील श्रेणी में चिन्हित हैं।

लखनऊ स्थित राज्य स्तरीय हाईटेक कंट्रोल रूम से सभी 8033 केंद्रों की लाइव वेबकास्टिंग व ऑनलाइन मॉनिटरिंग हो रही है। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में वॉयस रिकॉर्डरयुक्त दो सीसीटीवी कैमरे, राउटर, डीवीआर और हाई-स्पीड इंटरनेट की व्यवस्था है। प्रश्नपत्र डबल लॉक में सुरक्षित हैं, उत्तर पुस्तिकाएँ सुरक्षा फीचर के साथ चार रंगों में मुद्रित हैं। STF व अभिसूचना इकाई को विशेष सतर्कता के निर्देश दिए गए हैं। टोल-फ्री हेल्पलाइन 18001806607 व 18001806608 सक्रिय हैं।
मंत्री गुलाब देवी ने कहा कि नकलविहीन, पारदर्शी और शुचितापूर्ण परीक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा परीक्षार्थी आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दें।
COMMENTS