लखनऊ के केजीएमयू में कॉर्डिकॉन 2026 का शुभारंभ करते हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि आधुनिक तकनीक, रोबोटिक सर्जरी और एआई की मदद से प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं नई ऊंचाइयां छू रही हैं।
लखनऊ स्थित King George's Medical University (केजीएमयू) एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का केंद्र बन गया, जब यहां आयोजित कॉर्डिकॉन 2026 का भव्य शुभारंभ प्रदेश के डिप्टी सीएम Brajesh Pathak ने किया। अटल बिहारी वाजपेई साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इस सम्मेलन में देशभर से आए हृदय रोग विशेषज्ञों ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि केजीएमयू मरीजों को अत्याधुनिक इलाज मुहैया करा रहा है। यहां न केवल प्रदेश और देश के, बल्कि पड़ोसी देशों से भी मरीज बेहतर उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से लारी कॉर्डियोलॉजी विभाग की सराहना करते हुए कहा कि यहां प्रतिदिन गंभीर हृदय रोगियों का सफल इलाज कर उन्हें नया जीवन दिया जा रहा है। डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ दिन-रात सेवा कर मरीजों की जिंदगी बचाने में जुटे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में पांच हजार की आबादी पर अस्पताल उपलब्ध हैं, जिला अस्पतालों को अपग्रेड किया गया है और प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं। इलाज के साथ-साथ नए डॉक्टर भी तैयार किए जा रहे हैं। रोबोटिक सर्जरी को विस्तार दिया जा रहा है और एआई की मदद से उपचार को और तेज व सटीक बनाया जा रहा है।
कॉर्डियोलॉजी सोसाइटी ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में नवीनतम शोध, आधुनिक उपचार पद्धतियों और तकनीकी नवाचारों पर विस्तृत चर्चा हुई। आयोजन ने चिकित्सकों को अनुभव साझा करने और नई तकनीकों की जानकारी प्राप्त करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया।

इस अवसर पर कुलपति प्रो० सोनिया नित्यानंद, लारी कॉर्डियोलॉजी विभाग के अध्यक्ष डॉ. ऋषि सेट्ठी, डॉ. अक्षय प्रधान, डॉ. गौरव चौधरी, डॉ. शरद चन्द्रा, डॉ. प्रवेश विश्वकर्मा, डॉ. धीमान कहाली सहित अनेक वरिष्ठ चिकित्सक उपस्थित रहे।
COMMENTS