उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत गौतमबुद्धनगर में 25 फरवरी को आयोजित होगा रोजगार महोत्सव-2026, जहां देश की 100 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां करेंगी सीधी भर्ती।
उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जनपद गौतमबुद्धनगर में रोजगार महोत्सव–2026 का भव्य आयोजन आगामी 25 फरवरी 2026 को किया जाएगा। यह रोजगार मेला जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा विश्वेश्वरैया ग्रुप ऑफ़ इंस्टिट्यूशन, विश्वेश्वरैया कैंपस, न्यू नोएडा जीटी रोड, दादरी में आयोजित होगा।
रोजगार महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा को लेकर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक संपन्न हुई। बैठक में सीडीओ ने निर्देश दिए कि रोजगार महोत्सव का व्यापक प्रचार-प्रसार तहसील, विकासखंड और ग्राम पंचायत स्तर तक सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया का प्रभावी उपयोग किया जाए, ताकि कोई भी पात्र युवा इस अवसर से वंचित न रह जाए।

सीडीओ ने कानून व्यवस्था, अग्निशमन, मेडिकल टीम, हेल्प डेस्क, मार्गदर्शन काउंटर और ऑनलाइन व क्यूआर कोड आधारित पंजीकरण व्यवस्था को सुचारू रखने के निर्देश भी दिए।
जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री ने बताया कि रोजगार महोत्सव में 100 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी, जो 2000 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती करेंगी। इसमें 5000 से अधिक अभ्यर्थियों की सहभागिता संभावित है। न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है। आठवीं पास से लेकर स्नातकोत्तर, आईटीआई, डिप्लोमा, बीटेक, एमबीए, फार्मेसी तक के अभ्यर्थी पात्र होंगे।

अभ्यर्थी rojgarsangam.up.gov.in पोर्टल या क्यूआर कोड के माध्यम से निःशुल्क पंजीकरण कर सकते हैं। रोजगार मेले में सैमसंग, एक्सिस बैंक, एचसीएल, टीसीएस, वीवो, टेक महिंद्रा, ओप्पो, लावा, रेडिसन ब्लू, क्राउन प्लाजा सहित कई दिग्गज कंपनियां भाग लेंगी।
सीडीओ ने युवाओं से अपील की कि यह रोजगार महोत्सव उनके भविष्य को नई दिशा देने का सुनहरा अवसर है।
COMMENTS