संदिग्ध वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग करने वाले शातिर बदमाश को जवाबी कार्रवाई में किया गया घायल।
थाना इकोटेक-3 पुलिस ने शुक्रवार को एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुठभेड़ के दौरान एक शातिर और हिस्ट्रीशीटर अपराधी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई बिजली घर जलपुरा के पास संदिग्ध व्यक्ति व वाहनों की चेकिंग के दौरान की गई।
पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान सामने से आ रही एक संदिग्ध होंडा सिटी कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन मोड़कर भागने का प्रयास किया। रास्ते में पानी भरा होने के कारण कार फंस गई, जिसके बाद पुलिस ने पीछा किया। खुद को घिरा देख अभियुक्त ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश गोली लगने से घायल हो गया।

घायल बदमाश की पहचान संजीव उर्फ सनी उर्फ रॉकी उर्फ मौत पुत्र अशोक, निवासी ग्राम तिलोटी, थाना सासनी, जिला हाथरस के रूप में हुई है। अभियुक्त के कब्जे से पीली धातु की चेन, एक दीवार घड़ी, कपड़े, मेकअप किट, एक होंडा सिटी कार (UP-16 AJ 1757) और .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस बरामद किया गया।
अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, संजीव पर एनडीपीएस एक्ट सहित चोरी, लूट और सेंधमारी के कुल 27 आपराधिक मुकदमे गौतमबुद्धनगर और अलीगढ़ जनपद के विभिन्न थानों में दर्ज हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभियुक्त लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त था और उसकी गिरफ्तारी से क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगेगा।
COMMENTS