गौतमबुद्धनगर के बिसरख थाना क्षेत्र में प्रेम संबंधों के बीच शादी को लेकर हुए विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। आरोपी की लाइसेंसी पिस्टल से महिला मित्र ने खुद को गोली मार ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
गौतमबुद्धनगर जनपद के थाना बिसरख क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ प्रेम संबंधों के बीच उत्पन्न तनाव ने एक महिला की जान ले ली। मामला दिनांक 05 फरवरी 2026 का है, जब अभियुक्त आशीष पंवार पुत्र किरेन्द्र सिंह द्वारा अपनी महिला मित्र को कथित रूप से आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभियुक्त अपनी महिला मित्र के साथ राधा स्काई सोसाइटी में पार्टी करने गया था। दोनों एक-दूसरे को पिछले 5 से 6 वर्षों से जानते थे और उनके बीच करीबी संबंध थे। पार्टी के दौरान शादी को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो धीरे-धीरे गंभीर विवाद में बदल गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि विवाद के बाद महिला कमरे में चली गई और अभियुक्त के बैग में रखी लाइसेंसी पिस्टल से अपने सिर में गोली मार ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी।

इस संबंध में वादी द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना बिसरख में मु0अ0सं0 90/2026, धारा 108, 62 बीएनएस एवं 30 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।
दिनांक 06 फरवरी 2026 को थाना बिसरख पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस की सहायता से त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त आशीष पंवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल, 05 जिंदा कारतूस और 01 खोखा कारतूस बरामद किया गया। इसके अतिरिक्त मृतका की चप्पल भी अभियुक्त की कार से बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त की उम्र लगभग 35 वर्ष है और वह मूल रूप से ग्राम ककड़ीपुर, थाना रमाला, जिला बागपत का निवासी है, जबकि वर्तमान में वह ऑफिसर सिटी प्रथम, राज नगर एक्सटेंशन, गाजियाबाद में रह रहा था।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
COMMENTS