ईरान सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए महिलाओं को मोटरसाइकिल चलाने का कानूनी अधिकार दे दिया है, जिससे वर्षों से चला आ रहा भेदभाव खत्म होने की उम्मीद है।
ईरान में महिलाओं के अधिकारों की दिशा में एक ऐतिहासिक और बड़ा बदलाव देखने को मिला है। अब ईरान की महिलाएं कानूनी रूप से मोटरसाइकिल चलाने का लाइसेंस प्राप्त कर सकेंगी। AFP की रिपोर्ट के मुताबिक, इस फैसले के साथ वर्षों से चली आ रही एक जटिल कानूनी स्थिति समाप्त हो गई है। इसकी आधिकारिक घोषणा बुधवार, 4 फरवरी 2026 को की गई।
अब तक ईरान के कानून में महिलाओं के मोटरसाइकिल या स्कूटर चलाने पर स्पष्ट प्रतिबंध नहीं था, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन उन्हें ड्राइविंग लाइसेंस जारी नहीं करता था। इस वजह से महिलाओं को कई बार गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता था। सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में, बिना लाइसेंस होने के कारण अक्सर महिलाओं को ही दोषी ठहरा दिया जाता था।

इस अहम प्रस्ताव पर ईरान के पहले उपराष्ट्रपति मोहम्मद रजा आरिफ ने मंगलवार को हस्ताक्षर किए। यह प्रस्ताव जनवरी के अंत में ईरान की कैबिनेट से मंजूरी पा चुका था। सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार, नए नियमों का उद्देश्य ट्रैफिक कानूनों को ज्यादा स्पष्ट, समान और व्यावहारिक बनाना है।
नए दिशा-निर्देशों के तहत ट्रैफिक पुलिस को आदेश दिए गए हैं कि वे महिलाओं को मोटरसाइकिल चलाने की ट्रेनिंग दें। इसके बाद पुलिस की निगरानी में परीक्षा आयोजित की जाएगी और सफल महिलाओं को आधिकारिक ड्राइविंग लाइसेंस जारी किया जाएगा।
यह फैसला ऐसे समय में आया है जब ईरान हाल के महीनों में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शनों का सामना कर रहा है।

ये प्रदर्शन शुरुआत में महंगाई और आर्थिक संकट को लेकर थे, लेकिन बाद में सरकार विरोधी आंदोलन में बदल गए। सरकार के अनुसार, इन घटनाओं में 3,000 से अधिक लोगों की मौत हुई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि महिलाओं को मोटरसाइकिल लाइसेंस देने का यह कदम ईरान में लैंगिक समानता और महिलाओं की स्वतंत्रता की दिशा में एक महत्वपूर्ण संकेत है।
COMMENTS